दिल्ली समेत देश के कई राज्यों से मानसून की वापसी शुरू हो गई है, लेकिन इसी बीच मौसम विभाग ने बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, कल यानी 24 सितंबर को देश के 19 राज्यों में हल्की से लेकर भारी बारिश हो सकती है।
Weather Update: देश के कई हिस्सों में मानसून की विदाई शुरू हो चुकी है, लेकिन बारिश का दौर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 24 सितंबर को देश के करीब 19 राज्यों में हल्की से लेकर भारी बारिश देखने को मिल सकती है। कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। तटीय इलाकों में हवा की रफ्तार 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसम प्रणाली के कारण पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक समुद्र में परिस्थितियां खराब से बहुत खराब रह सकती हैं, इसलिए तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और मछुआरों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन बढ़ाएगा बारिश
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव पश्चिम-उत्तरपश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके 23 सितंबर की रात तक उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट के बीच कलिंगपट्टनम के आसपास डीप डिप्रेशन के रूप में तट पार करने की संभावना जताई गई है। इस सिस्टम के प्रभाव से 24 सितंबर को ओडिशा, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों में तेज हवाओं और खराब समुद्री परिस्थितियों का खतरा भी बना हुआ है।
ऐसे मौसम में समुद्र में ऊंची लहरें उठ सकती हैं और हवाओं की गति बढ़ सकती है। इसलिए मछुआरों को संबंधित समुद्री क्षेत्रों में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
दिल्ली में 24 सितंबर को कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी दिल्ली से मानसून की वापसी हो चुकी है। 24 सितंबर को दिल्ली में मुख्य रूप से आसमान साफ रहने और बारिश की संभावना कम रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान में 24 सितंबर के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। हालांकि 27 और 28 सितंबर को राजधानी में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बन रही है।
उत्तर प्रदेश में 24 सितंबर को बारिश की गतिविधियां सीमित रह सकती हैं। इसके बाद 25 सितंबर से पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश बढ़ने का अनुमान है। 26 सितंबर को पूर्वी हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश और पश्चिमी हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। 27 सितंबर को भी राज्य के दोनों हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना है।
बिहार और झारखंड में भारी बारिश का दौर
बिहार में 24 और 25 सितंबर को बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। इसके बाद भी 29 सितंबर तक अलग-अलग इलाकों में बारिश का सिलसिला बना रह सकता है। स्थानीय पूर्वानुमान में 24 सितंबर को बिहार के कुछ हिस्सों में मध्यम बारिश और 25 सितंबर को भी बारिश की संभावना दिखाई गई है।
झारखंड में 24 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश का खतरा है। राज्य में 25 और 26 सितंबर को भी बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है। दाल्टनगंज के लिए जारी स्थानीय पूर्वानुमान में 24 सितंबर को भारी बारिश के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी दर्ज की गई है।
मध्य प्रदेश में भी बारिश बढ़ने के आसार
मध्य प्रदेश में 24 सितंबर को पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। 25 सितंबर को पूर्वी मध्य प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश और पश्चिमी हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। 26 और 27 सितंबर को भी राज्य के कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके बाद 28 और 29 सितंबर को बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कम होने का अनुमान है।











