Weather Today: आज 22 राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट, 75 किमी प्रति घंटे तक चलेगी हवा

Weather Today: मौसम विभाग ने आज 22 राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल

मानसून के अंतिम चरण में मौसम विभाग ने एक बार फिर कई राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है। IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, 1 अक्टूबर को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड समेत करीब 20 राज्यों में मूसलाधार बारिश होने की चेतावनी है।

नई दिल्ली: मानसून की विदाई के दौर के बीच भारत के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 1 अक्टूबर को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, राजस्थान समेत 22 राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश के साथ भूस्खलन का खतरा भी जताया गया है।

मौसम में यह बदलाव बंगाल की खाड़ी और पूर्वोत्तर भारत के आसपास बने ऊपरी वायुमंडलीय सिस्टम से जुड़ा है। असम और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण की स्थिति बनी हुई है। वहीं, उत्तर-पश्चिम और उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर भी एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण मौजूद है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से पूर्वी और मध्य भारत के कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

22 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट

1 अक्टूबर को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, तेलंगाना, केरल, आंध्र प्रदेश, असम, त्रिपुरा, मेघालय और नागालैंड समेत कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में बिजली गिरने और गरज के साथ बारिश का जोखिम बना रहेगा। 

ओडिशा, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल के कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं। किसानों को फसल और कृषि उपकरणों को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है। समुद्र के आसपास रहने वाले लोगों और मछुआरों को भी मौसम खराब होने की स्थिति में सावधानी बरतने को कहा गया है।

दिल्ली और उत्तर प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली में 1 अक्टूबर को मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा की गति लगभग 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। उत्तर प्रदेश के मेरठ, गाजियाबाद, आगरा, मथुरा, प्रयागराज, देवरिया, बहराइच, गोंडा, कानपुर, लखीमपुर खीरी, उन्नाव, श्रावस्ती, एटा, इटावा, फिरोजाबाद और कासगंज समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। 

इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। लखनऊ में अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

बिहार और झारखंड में भी मौसम खराब

बिहार के पटना, गया, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार, भागलपुर और मुंगेर समेत कई जिलों में बारिश और आंधी की संभावना है। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पटना में तापमान 33 डिग्री अधिकतम और 24 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम रह सकता है।

झारखंड में रांची, सिमडेगा, धनबाद, गिरिडीह, साहेबगंज, हजारीबाग, पलामू, जमशेदपुर, गुमला, गढ़वा और बोकारो में 1 और 2 अक्टूबर को बारिश का असर देखने को मिल सकता है। रांची में अधिकतम तापमान करीब 29 और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा

उत्तराखंड के देहरादून, चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, नैनीताल और पिथौरागढ़ में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। हिमाचल प्रदेश के मंडी, सोलन, बिलासपुर, किन्नौर, लाहौल-स्पीति और कांगड़ा में भी मौसम खराब रह सकता है। भारी बारिश की स्थिति में पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने का खतरा बढ़ सकता है।

जम्मू-कश्मीर के राजौरी, अनंतनाग, डोडा, सांबा और कठुआ में भी बारिश की संभावना है। श्रीनगर में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

राजस्थान में भी बारिश और तेज हवा

राजस्थान के कोटा, भरतपुर, बीकानेर, उदयपुर, जयपुर, अजमेर और बूंदी में हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा की गति 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है। जयपुर में अधिकतम तापमान करीब 34 और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मौसम विभाग के इस पूर्वानुमान को देखते हुए बारिश और तेज हवा वाले क्षेत्रों में लोगों को स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी जाती है।

Leave a comment