AI 2026 में नौकरी के बाजार में ला सकती है बदलाव, विशेषज्ञ ने दी चेतावनी

AI 2026 में नौकरी के बाजार में ला सकती है बदलाव, विशेषज्ञ ने दी चेतावनी

2026 में एआई के तेज विकास से हर तरह की नौकरियां खतरे में पड़ सकती हैं। आसान रिपिटिटिव जॉब्स से लेकर व्हाइट-कॉलर नौकरियों तक एआई का प्रभाव बढ़ रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार यह बदलाव रोजगार संरचना को पूरी तरह बदल सकता है और कई क्षेत्रों में जॉबलेस बूम आ सकता है।

AI And Employment 2026: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के तेज विकास के कारण 2026 में नौकरियों पर बड़ा खतरा मड़ सकता है। विशेषज्ञ और एआई के गॉडफादर जेफ्री हिंटन का कहना है कि आसान से लेकर जटिल कार्यों और व्हाइट-कॉलर नौकरियों तक एआई का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है। कंपनियों को अपनी कार्य प्रणाली बदलनी पड़ेगी और कर्मचारियों को नई स्किल्स सीखने की जरूरत होगी। यह बदलाव न केवल रोजगार के अवसरों को प्रभावित करेगा, बल्कि प्रोडक्टिविटी बढ़ने के बावजूद कई क्षेत्रों में जॉबलेस बूम पैदा कर सकता है।

हर तरह की नौकरियों पर खतरा

हिंटन ने कहा कि एआई अब केवल रूटीन या आसान कार्यों तक सीमित नहीं रही। कॉल सेंटर, डेटा एंट्री और अन्य रिपिटिटिव जॉब्स तो जल्दी ही एआई के प्रभाव में आ सकती हैं। साथ ही, अब यह लंबे समय वाले टास्क भी संभाल सकती है, जिससे पारंपरिक कार्य करने वाले कर्मचारियों की आवश्यकता घटेगी।

विशेषज्ञों का अनुमान है कि लगभग हर सात महीने में एआई अपने कार्यक्षमता स्तर को दोगुना कर रही है। इसका मतलब है कि 2026 तक एआई बहुत बड़े और लंबे प्रोजेक्ट भी खुद से मैनेज करने लगेगी, जिससे मानव संसाधन की जरूरत काफी घट सकती है।

व्हाइट-कॉलर नौकरियों पर भी बढ़ता दबाव

हिंटन ने मौजूदा दौर की तुलना औद्योगिक क्रांति से करते हुए बताया कि उस समय फिजिकल लेबर की भूमिका कम हुई थी, वहीं अब ऐसा इंटेलेक्चुअल वर्क में हो रहा है। वित्त, आईटी, मैनेजमेंट और अन्य व्हाइट-कॉलर नौकरियां भी असुरक्षित हो रही हैं। कई एक्सपर्टों का कहना है कि 2026 में जॉबलेस बूम देखने को मिल सकता है, यानी प्रोडक्टिविटी बढ़ेगी, लेकिन रोजगार के मौके उतने नहीं मिलेंगे।

इस बदलाव से न केवल कर्मचारियों को नई स्किल्स सीखने की जरूरत है, बल्कि कंपनियों को भी अपने कार्य मॉडल में बदलाव करना होगा। एआई का तेजी से विकास रोजगार संरचना को पूरी तरह बदल सकता है और पारंपरिक नौकरियों की जरूरत घट सकती है।

Leave a comment