Air India Plane Crash: टेकऑफ के तुरंत बाद क्यों बंद हो गए दोनों इंजन? जांच रिपोर्ट में खुलासा

अहमदाबाद एयर इंडिया हादसे की जांच रिपोर्ट में सामने आई टेकऑफ से पहले पायलट्स की बातचीत, फ्यूल कटऑफ बना हादसे की वजह, 270 लोगों की गई थी जान।

एयर इंडिया AI 171 की अहमदाबाद में क्रैश से जुड़ी रिपोर्ट में पायलट्स के बीच टेकऑफ के दौरान हुई बातचीत सामने आई। फ्यूल कटऑफ से इंजन बंद हुए और विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में 270 मौतें हुईं।

Air India Plane Crash: अहमदाबाद में 12 जून को हुए एयर इंडिया विमान हादसे को एक महीना पूरा हो गया है। इस बीच इस त्रासदी की शुरुआती जांच रिपोर्ट भारतीय विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) ने जारी की है। रिपोर्ट में न केवल हादसे के तकनीकी पहलुओं पर प्रकाश डाला गया है, बल्कि पायलटों के बीच क्रैश से पहले हुई बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग का भी उल्लेख किया गया है।

हादसा जिसने छीन लीं 270 जानें

12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI 171 उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद एक मेडिकल हॉस्टल की इमारत से टकरा गई थी। इस हादसे में 270 लोगों की जान चली गई थी। मृतकों में 29 मेडिकल कॉलेज के छात्र भी शामिल थे। विमान में सवार सिर्फ एक यात्री इस दुर्घटना में जीवित बच सका। यह हादसा देश की अब तक की सबसे भयावह विमान दुर्घटनाओं में से एक बन गया।

AAIB की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में क्या कहा गया

AAIB की 15 पन्नों की रिपोर्ट में टेकऑफ से पहले और बाद के हर सेकेंड का विवरण दर्ज किया गया है। इस रिपोर्ट के अनुसार, हादसे की मुख्य वजह यह रही कि पायलट समय रहते थ्रस्ट बहाल नहीं कर सके, जिससे इंजन की शक्ति अचानक कम हो गई और विमान नियंत्रण से बाहर हो गया।

Air India Plane Crash: टेकऑफ के तुरंत बाद क्यों बंद हो गए दोनों इंजन? जांच रिपोर्ट में खुलासा

इंजन फेल होने की वजह बनी फ्यूल कटऑफ

रिपोर्ट के अनुसार, टेकऑफ के ठीक बाद विमान ने 180 नॉट की गति प्राप्त की। लेकिन उसी क्षण इंजन 1 और इंजन 2 के फ्यूल कटऑफ स्विच अचानक RUN से CUTOFF पर चले गए। इसका मतलब था कि इंजनों को ईंधन की आपूर्ति रुक गई। इसके कारण दोनों इंजन टेकऑफ की प्रक्रिया पूरी करने में असमर्थ हो गए। इससे विमान कुछ ही पलों में नियंत्रण खो बैठा और दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

क्रैश से ठीक पहले पायलटों में क्या हुई बातचीत

AAIB की रिपोर्ट में कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डिंग का उल्लेख भी किया गया है। टेकऑफ के कुछ ही सेकेंड बाद एक पायलट दूसरे से पूछता है, “क्या तुमने फ्यूल स्विच बंद कर दिया?” दूसरा पायलट जवाब देता है कि उसने ऐसा नहीं किया। यह बातचीत उस गंभीर स्थिति को दर्शाती है, जिसमें पायलटों को खुद यह समझ नहीं आ रहा था कि ईंधन आपूर्ति कैसे कट गई।

घटना की सेकेंड-दर-सेकेंड टाइमलाइन

Air India Plane Crash: टेकऑफ के तुरंत बाद क्यों बंद हो गए दोनों इंजन? जांच रिपोर्ट में खुलासा

रिपोर्ट में घटना के हर पल का विवरण दर्ज किया गया है।

  • 11:17 बजे: विमान नई दिल्ली से अहमदाबाद पहुंचा।
  • 13:13 बजे: पुशबैक और स्टार्टअप की अनुमति मांगी गई।
  • 13:18 बजे: विमान Bay 34 से रवाना हुआ।
  • 13:25 बजे: टैक्सी क्लियरेंस मिला।
  • 13:37 बजे: रनवे 23 से टेकऑफ की अनुमति दी गई।
  • 13:38:42 बजे: विमान ने 180 नॉट की गति प्राप्त की।
  • 13:38:47 बजे: दोनों इंजन की गति अचानक गिर गई।
  • 13:39:05 बजे: “मेडे, मेडे, मेडे” कॉल दी गई।
  • 13:39:11 बजे: विमान का डेटा रिकॉर्डिंग बंद हो गया।
  • 13:44:44 बजे: राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया।

हादसे की प्रमुख तकनीकी वजहें

रिपोर्ट से यह बात साफ होती है कि पायलटों से टेकऑफ के दौरान गंभीर चूक हुई। मुख्य रूप से फ्यूल सप्लाई का अचानक बंद होना और इंजन का समय पर स्टार्ट न हो पाना हादसे की वजह बना। यह भी देखा गया कि टेकऑफ के दौरान आपात स्थिति में दोनों पायलटों का समन्वय भी ठीक से नहीं हो सका।

Leave a comment