Assam Rifles Half Marathon 2026: शिलांग में 22 नवंबर को होगी हाफ मैराथन, 25 लाख की प्राइज मनी, जानें रजिस्ट्रेशन डिटेल्स

Assam Rifles Half Marathon 2026: शिलांग में 22 नवंबर को हाफ मैराथन होगी। विजेताओं को कुल 25 लाख रुपये की प्राइज मनी मिलेगी। जानें रजिस्ट्रेशन और दौड़ की डिटेल्स

असम राइफल्स की छठी हाफ मैराथन 22 नवंबर 2026 को मेघालय के शिलांग में आयोजित होगी। प्रतियोगिता में 5, 10 और 21 किलोमीटर की रेस होंगी। अब तक तीन हजार से ज्यादा रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं, जबकि कुल पुरस्कार राशि 25 लाख रुपये रखी गई है।

शिलांग: मेघालय की राजधानी शिलांग में अगले महीने धावकों का बड़ा जमावड़ा लगने वाला है। असम राइफल्स ने अपनी छठी हाफ मैराथन (Assam Rifles Half Marathon 2026) की तैयारियां शुरू कर दी हैं। यह आयोजन रविवार, 22 नवंबर को अपर शिलांग की पहाड़ी सड़कों पर होगा। देशभर से चार हजार से ज्यादा धावकों के पहुंचने की उम्मीद है। प्रतियोगिता में कुल 25 लाख रुपये के पुरस्कार दिए जाएंगे। आयोजकों के मुताबिक, इस बार भागीदारी के पिछले रिकॉर्ड टूट सकते हैं।

तीन अलग-अलग रेस में हिस्सा ले सकेंगे धावक

असम राइफल्स ने इस प्रतियोगिता में अलग-अलग उम्र और फिटनेस स्तर के लोगों को मौका दिया है। इसके लिए 5 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 21 किलोमीटर की तीन रेस रखी गई हैं। 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन को 'क्लाउड चेज', 10 किलोमीटर की दौड़ को 'पाइन पाथ' और 5 किलोमीटर की रेस को 'क्रिस्टल स्ट्रीम' नाम दिया गया है।

हाफ मैराथन में 18 साल और उससे अधिक उम्र के धावक भाग ले सकेंगे। वहीं, 10 किलोमीटर की रेस के लिए न्यूनतम उम्र 12 साल तय की गई है। पांच किलोमीटर की दौड़ में शुरुआती धावकों और परिवारों की भागीदारी को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

तीन हजार से ज्यादा रजिस्ट्रेशन, चार हजार पार पहुंच सकता है आंकड़ा

असम राइफल्स के कर्नल अपूर्व भटनागर और लेफ्टिनेंट कर्नल गौतम अरोड़ा ने आयोजन की तैयारियों की जानकारी दी है। उनके मुताबिक, मैराथन के लिए तीन हजार से अधिक लोगों ने अपना रजिस्ट्रेशन करा लिया है। आयोजकों को उम्मीद है कि प्रतियोगिता शुरू होने तक यह संख्या चार हजार से ऊपर पहुंच जाएगी। इसमें पेशेवर धावकों के साथ सेना के जवान, पूर्व सैनिक, विद्यार्थी और फिटनेस के शौकीन लोग भी शामिल हो सकेंगे।

शिलांग की पहाड़ी सड़कें इस प्रतियोगिता को खास बनाती हैं। धावकों को अपर शिलांग के खूबसूरत रास्तों पर दौड़ने का मौका मिलेगा। तीनों रेस असम राइफल्स पब्लिक स्कूल (स्पोर्ट्स), लैतकोर से शुरू होकर वहीं समाप्त होंगी।

Assam Rifles Half Marathon 2026: शिलांग में 22 नवंबर को होगी हाफ मैराथन, 25 लाख की प्राइज मनी, जानें रजिस्ट्रेशन डिटेल्स

विजेताओं के लिए कुल 25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि

इस बार मैराथन की कुल प्राइज मनी 25 लाख रुपये रखी गई है। यह राशि विभिन्न प्रतियोगिताओं और पुरस्कार श्रेणियों के विजेताओं को दी जाएगी। किस श्रेणी में कितनी रकम मिलेगी, इसकी विस्तृत जानकारी आधिकारिक रेस दिशानिर्देशों में जारी की जाएगी। आयोजन की घोषणा के दौरान इस साल की आधिकारिक जर्सी और फिनिशर मेडल भी पेश किए गए। 

कार्यक्रम दिल्ली कैंट स्थित असम राइफल्स के संपर्क कार्यालय में आयोजित हुआ था। कर्नल अपूर्व भटनागर के अनुसार, पुरस्कार राशि बढ़ाने का उद्देश्य इस मैराथन को पूर्वोत्तर भारत के प्रमुख खेल आयोजनों में शामिल करना है।

2021 में शुरू हुई थी हाफ मैराथन

असम राइफल्स ने साल 2021 में इस मैराथन की शुरुआत फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की थी। शुरुआती दौर में यह लोगों को नियमित दौड़ और व्यायाम के लिए प्रेरित करने की पहल थी। समय के साथ इसमें धावकों की दिलचस्पी बढ़ी। अब यह आयोजन केवल दौड़ तक सीमित नहीं है। इसके जरिए सेना और आम नागरिकों के बीच जुड़ाव बढ़ाने के साथ स्वस्थ जीवनशैली का संदेश भी दिया जाता है।

असम राइफल्स का कहना है कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ और फिट भारत के विजन से जुड़ी है। आयोजन में सरकारी अधिकारियों, सशस्त्र बलों के प्रतिनिधियों और अन्य क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की भी उम्मीद है।

Leave a comment