बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) ने राज्यभर में स्पोर्ट्स ट्रेनर के 379 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इसमें 128 पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। आवेदन 9 अक्टूबर से 11 नवंबर 2025 तक ऑनलाइन होंगे। योग्य उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के बाद चयनित किया जाएगा।
BSSC Recruitment 2025: बिहार कर्मचारी चयन आयोग ने राज्यभर के युवाओं के लिए स्पोर्ट्स ट्रेनर यानी क्रीड़ा प्रशिक्षक के 379 पदों पर भर्ती की अधिसूचना जारी की है। यह भर्ती 9 अक्टूबर से 11 नवंबर 2025 तक ऑनलाइन होगी और इसमें 128 पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। आवेदन करने के लिए स्नातक डिग्री और खेल से जुड़ी तकनीकी योग्यता अनिवार्य है। चयन प्रक्रिया लिखित परीक्षा और साक्षात्कार पर आधारित होगी, जिससे योग्य उम्मीदवारों को खेल क्षेत्र में करियर बनाने का अवसर मिलेगा।
कितने पद और किसके लिए आरक्षित
कुल 379 पदों में से 128 पद विशेष रूप से महिला उम्मीदवारों के लिए आरक्षित किए गए हैं। शेष पद अनारक्षित, एससी, एसटी, ईबीसी, बीसी और पिछड़े वर्ग की महिलाओं सहित विभिन्न श्रेणियों में बांटे गए हैं। इस आरक्षण व्यवस्था से महिलाओं और सभी वर्गों के प्रतिभाशाली युवाओं को अवसर मिलेगा।
इस भर्ती के जरिए आयोग खेल क्षेत्र में योग्य और प्रशिक्षित उम्मीदवारों को आगे लाना चाहता है। इससे राज्य में खेल सुविधाओं और प्रशिक्षकों की कमी को भी पूरा किया जा सकेगा।
योग्यता और जरूरी शर्तें
आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों का किसी भी विषय से स्नातक पास होना जरूरी है। इसके अलावा खेल से जुड़ी तकनीकी योग्यता जैसे नेताजी सुभाष राष्ट्रीय खेल संस्थान या लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षण संस्थान से डिप्लोमा या स्नातकोत्तर डिप्लोमा इन स्पोर्ट्स कोचिंग अनिवार्य है।
उम्मीदवारों के खेल उपलब्धियों को भी अहम माना जाएगा। अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले या राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता मिलेगी। ओलंपिक, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स जैसी मान्यता प्राप्त प्रतियोगिताओं में भागीदारी भी योग्यता मानी जाएगी।
आयु सीमा और चयन प्रक्रिया
सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम आयु 21 और अधिकतम 37 वर्ष तय की गई है। बीसी और ईबीसी वर्ग के पुरुष व महिला उम्मीदवारों और अनारक्षित महिलाओं के लिए अधिकतम आयु सीमा 40 वर्ष है, जबकि एससी और एसटी वर्ग के लिए यह सीमा 42 वर्ष रखी गई है।
चयन प्रक्रिया लिखित परीक्षा और साक्षात्कार पर आधारित होगी। लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा और फिर उनकी योग्यता, अनुभव और खेल उपलब्धियों के आधार पर मेधासूची तैयार की जाएगी। इसी सूची के आधार पर अंतिम नियुक्ति होगी।