दिल्ली में अफसरों के कामकाज पर विजय गोयल नाराज, बोले- ‘MCD और सरकार के अधिकारी काम नहीं कर रहे’

दिल्ली में अधिकारियों के कामकाज पर विजय गोयल ने नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि MCD और सरकार के अधिकारी ठीक से काम नहीं कर रहे हैं और जनता से

पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता विजय गोयल ने दिल्ली में सरकारी कामकाज को लेकर अपनी ही सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट में उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली नगर निगम (MCD) और सरकार के अधिकारी ठीक से काम नहीं कर रहे हैं।

Delhi Politics: दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार और दिल्ली नगर निगम (MCD) में भी भाजपा के नियंत्रण के बीच पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने अधिकारियों के कामकाज को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपनी ही सरकार और नगर निगम के अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधियों को भी काम करवाने के लिए अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

विजय गोयल ने अपने पोस्ट में दिल्ली की सफाई व्यवस्था से लेकर सड़क, सीवर, पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे उठाए। उन्होंने सवाल किया कि जब सरकार और नगर निगम के पास प्रशासनिक व्यवस्था मौजूद है, तो शहर के कई हिस्सों में समस्याएं लंबे समय तक क्यों बनी रहती हैं।

‘अफसरों से काम करवाने के लिए धक्के खा रहे जनप्रतिनिधि’

विजय गोयल ने आरोप लगाया कि सांसद, विधायक और पार्षद तक अधिकारियों से काम करवाने के लिए परेशान हो रहे हैं। उनके मुताबिक, कई बार जनप्रतिनिधियों को अधिकारियों से अनुरोध करना पड़ता है, लेकिन इसके बावजूद समस्याओं का समाधान समय पर नहीं होता। उन्होंने दिल्ली में कूड़े की समस्या का भी उल्लेख किया। गोयल ने तंज करते हुए कहा कि अगर किसी इलाके से कूड़ा उठा दिया जाता है तो ऐसा लगता है जैसे कोई बहुत बड़ा काम हो गया हो। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर अधिकारियों की मौजूदगी के बावजूद जगह-जगह कूड़ा जमा क्यों हो जाता है।

उनके बयान में सीवर, पानी, बिजली, नालियों, सड़कों और गलियों की स्थिति को लेकर भी नाराजगी दिखाई दी। उन्होंने कहा कि जब चुने हुए प्रतिनिधियों की बात नहीं सुनी जा रही है तो आम जनता की शिकायतों पर कितना ध्यान दिया जा रहा होगा, यह समझा जा सकता है।

अपनी ही सरकार पर सवाल उठाने से चर्चा तेज

विजय गोयल का बयान इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि दिल्ली में मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था में भाजपा सत्ता में है और MCD पर भी पार्टी का नियंत्रण है। ऐसे में पार्टी के वरिष्ठ नेता द्वारा अधिकारियों के कामकाज पर सार्वजनिक रूप से सवाल उठाना दिल्ली की प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर चर्चा को तेज कर सकता है।

गोयल लंबे समय से दिल्ली की राजनीति में सक्रिय रहे हैं और केंद्र सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। उनके ताजा बयान को राजधानी में स्थानीय प्रशासन और निर्वाचित प्रतिनिधियों के बीच समन्वय के मुद्दे से जोड़कर देखा जा रहा है।

AAP नेता विनय मिश्रा ने साधा निशाना

विजय गोयल के सोशल मीडिया पोस्ट के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और द्वारका के पूर्व विधायक विनय मिश्रा ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि दिल्ली में प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, सांसद, विधायक, मंत्री, मुख्यमंत्री, MCD और पुलिस समेत तमाम संस्थाएं भाजपा के नियंत्रण में हैं, इसके बावजूद पार्टी के वरिष्ठ नेता अधिकारियों के काम नहीं करने की शिकायत कर रहे हैं।

विनय मिश्रा ने सवाल उठाया कि जब सत्ता और प्रशासन का नियंत्रण एक ही राजनीतिक दल के पास है तो फिर अधिकारियों से काम नहीं करवाने की जिम्मेदारी किसकी है। उन्होंने कहा कि मौजूदा स्थिति को लेकर भाजपा नेताओं को जवाब देना चाहिए।

पुराने प्रशासनिक विवादों का भी जिक्र

विनय मिश्रा ने अपने जवाब में दिल्ली के पुराने प्रशासनिक विवादों का भी उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के दौरान अधिकारियों और निर्वाचित सरकार के बीच टकराव की स्थिति बनी थी। उनका कहना था कि उस समय जिन अधिकारियों को लेकर भाजपा सवाल उठाती थी, आज वही प्रशासनिक तंत्र भाजपा सरकार के सामने चुनौतियां पैदा कर रहा है।

मिश्रा ने अपने बयान में दिल्ली के पूर्व मुख्य सचिव नरेश कुमार का भी उल्लेख किया और कहा कि वह पुराने घटनाक्रम को नहीं भूले हैं। उन्होंने संकेत दिया कि अधिकारियों और राजनीतिक नेतृत्व के बीच हुए पुराने विवादों का असर आज की राजनीति में भी दिखाई दे रहा है।

Leave a comment