दिल्ली, यूपी, बिहार और कई अन्य राज्यों में उमस भरी गर्मी और मॉनसून की वापसी के बीच मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने आगामी दिनों के लिए बारिश और हल्की से मध्यम मौसम गतिविधियों की चेतावनी जारी की है।
Weather Update: मॉनसून की वापसी के साथ ही दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड समेत कई राज्यों में उमस भरी गर्मी ने पिछले एक सप्ताह से आम लोगों को परेशान किया है। वहीं, महाराष्ट्र और गोवा जैसे इलाकों में भीषण बारिश हो रही है। भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, सौराष्ट्र और कच्छ में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा और कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी वर्षा की संभावना है।
IMD द्वारा रविवार को जारी अपडेट के अनुसार, खंभात की खाड़ी के ऊपर एक सुस्पष्ट कम दबाव क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव में 29 सितंबर को सौराष्ट्र और कच्छ के तटीय क्षेत्रों में अत्यंत भारी वर्षा और गुजरात क्षेत्र में भारी वर्षा होने की संभावना है, जबकि 30 सितंबर को बहुत भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा, 2 अक्टूबर से पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और ओडिशा में कई जगहों पर भारी बारिश के आसार हैं।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-एनसीआर में पिछले सप्ताह उमस भरी गर्मी ने लोगों को काफी परेशान किया। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार, 30 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आंशिक बादल रहने की संभावना है। 1 अक्टूबर को हल्की बूंदाबांदी संभव है। अधिकतम तापमान 33–37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24–26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस बदलाव से राजधानी में गर्मी में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश में सितंबर भर उमस और गर्मी का सिलसिला जारी है। इस समय दिन में तेज धूप और रात में उमस लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 30 सितंबर को पश्चिमी और पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। 2 अक्टूबर को भी प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है, लेकिन भारी बारिश होने की संभावना कम है। इस दौरान लोगों को दिन में तेज धूप और उमस का सामना करना पड़ सकता है।
बिहार और झारखंड में मौसम
मॉनसून की वापसी के बाद बिहार में भी उमस और गर्मी का असर देखा गया। 1–4 अक्टूबर तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना है। 4–5 अक्टूबर को भारी बारिश हो सकती है। झारखंड में भी समान परिस्थितियां रहने की संभावना है, जहां बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है. पश्चिम बंगाल और ओडिशा में 2 अक्टूबर से कई जगहों पर बारिश के आसार हैं।
हिमाचल प्रदेश में 4–5 अक्टूबर को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर रहने का अनुमान है।
राजस्थान, महाराष्ट्र और गोवा में मौसम का हाल
राजस्थान में 30 सितंबर से 3 अक्टूबर तक गरज-चमक के साथ आंधी-बूंदाबांदी के आसार हैं। पश्चिमी जिलों में तापमान सामान्य से 3–5 डिग्री अधिक रह सकता है। राज्य के अन्य हिस्सों में हल्की बारिश और आंधी के साथ मौसम बदलने की संभावना है। महाराष्ट्र और गोवा में पहले से ही भारी बारिश जारी है। मौसम विभाग ने अगले दिनों के लिए चेतावनी दी है:
30 सितंबर से 4 अक्टूबर तक कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में हल्की से मध्यम बारिश, कुछ स्थानों पर भारी बारिश संभव है। मराठवाड़ा और विदर्भ में गरज-चमक के साथ बौछारें देखने को मिल सकती हैं। IMD ने बताया कि खंभात की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव क्षेत्र के प्रभाव से सौराष्ट्र और कच्छ में अलग-अलग स्थानों पर भारी से अत्यंत भारी वर्षा होने की संभावना है।