तेजस्वी प्रकाश से विवाद के बाद एल्विश यादव ने दी सफाई, बोले- ‘हर बात में जेंडर एंगल सही नहीं’

Elvish Yadav: तेजस्वी प्रकाश से विवाद के बाद एल्विश यादव ने अपनी सफाई दी। उन्होंने कहा कि हर मामले में ‘बॉय-गर्ल’ या जेंडर एंगल लाना सही नहीं है। जानें पूरा

एल्विश यादव इन दिनों रियलिटी शो ‘प्लेग्राउंड सीजन 5’ में तेजस्वी प्रकाश और कंटेंट क्रिएटर आरुष भोला के साथ मेंटर की भूमिका निभा रहे हैं। एल्विश और तेजस्वी कभी अच्छे दोस्त हुआ करते थे, लेकिन शो में साथ काम करने के दौरान दोनों के बीच तनाव बढ़ता नजर आ रहा है।

Elvish Yadav-Tejasswi Prakash Controversy: रियलिटी शो ‘प्लेग्राउंड सीजन 5’ में एल्विश यादव और तेजस्वी प्रकाश के बीच बढ़ता विवाद अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया है। शो के सामने आए एक प्रोमो वीडियो में दोनों के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। इस दौरान एल्विश यादव की एक टिप्पणी पर तेजस्वी प्रकाश ने आपत्ति जताई। विवाद बढ़ने के बाद एल्विश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपना पक्ष रखते हुए सफाई दी और आरोप लगाया कि उनके खिलाफ बातचीत में बार-बार जेंडर का मुद्दा लाया जा रहा है।

एल्विश यादव और तेजस्वी प्रकाश इस समय ‘प्लेग्राउंड सीजन 5’ में मेंटर की भूमिका निभा रहे हैं। दोनों पहले दोस्त रह चुके हैं, लेकिन शो के दौरान उनके रिश्ते में तल्खी देखने को मिल रही है। सामने आए वीडियो ने इस विवाद को और चर्चा में ला दिया है।

‘मुंह बंद रख’ कहने पर भड़कीं तेजस्वी

शो के आगामी एपिसोड से सामने आए क्लिप में एल्विश अपनी टीम के सदस्यों के प्रदर्शन को लेकर बात करते नजर आते हैं। इसी दौरान उन्होंने कहा कि लड़कियां भी कार अच्छी तरह चला रही हैं। तेजस्वी ने इस टिप्पणी पर सवाल उठाया। इसके बाद दोनों के बीच बहस बढ़ गई। वीडियो में एल्विश को तेजस्वी को बीच में न बोलने के लिए सख्त लहजे में कहते हुए देखा जा सकता है। 

तेजस्वी ने इसका विरोध करते हुए कहा कि उनसे इस तरह बात नहीं की जा सकती और उन्हें गाली देने का अधिकार किसी को नहीं है। उन्होंने यह भी सवाल किया कि एल्विश ने अपनी टिप्पणी में लड़कियों का जिक्र क्यों किया। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर दोनों के समर्थकों के बीच भी चर्चा तेज हो गई।

एल्विश ने X पर रखा अपना पक्ष

विवादित वीडियो के ऑनलाइन सामने आने के बाद एल्विश यादव ने X पर एक लंबा नोट शेयर कर अपनी बात रखी। उन्होंने दावा किया कि उनके बारे में नेशनल टेलीविजन पर लड़का-लड़की के आधार पर नैरेटिव बनाने की कोशिश की जा रही है। एल्विश ने कहा कि हर मुद्दे में जेंडर एंगल जोड़ना उचित नहीं है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शो के सेट से वीडियो लीक कर उन्हें गलत तरीके से पेश करने की कोशिश की गई। एल्विश के मुताबिक, उन्होंने जिस भाषा में जवाब दिया, वह उस समय की स्थिति के संदर्भ में था। उन्होंने यह भी कहा कि उनके इंटरव्यू और उनके प्रशंसकों को लेकर की गई कथित टिप्पणियां उन्हें स्वीकार नहीं हैं।

तेजस्वी प्रकाश से विवाद के बाद एल्विश यादव ने दी सफाई, बोले- ‘हर बात में जेंडर एंगल सही नहीं’

‘वुमन कार्ड’ और फेमिनिज्म पर क्या बोले एल्विश?

अपने पोस्ट में एल्विश ने फेमिनिज्म को लेकर भी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि हर बात में ‘वुमन कार्ड’ या फेमिनिज्म को शामिल करना सही नहीं है। उन्होंने तेजस्वी को संबोधित करते हुए महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में काम करने की बात कही और कहा कि इसकी शुरुआत स्वयं को सशक्त बनाने से होनी चाहिए।

एल्विश ने अपने बयान में PR गतिविधियों पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि लोगों को अपनी छवि बनाने के बजाय चीजों को सही तरीके से देखने पर ध्यान देना चाहिए। हालांकि, उनके बयान के बाद विवाद खत्म होने के बजाय सोशल मीडिया पर चर्चा और तेज हो गई है।

कैसे शुरू हुआ एल्विश और तेजस्वी का विवाद?

दोनों में तनाव की शुरुआत शो के करीब 18वें एपिसोड के आसपास बताई जा रही है। एक सीक्रेट कार्ड गेम के दौरान तेजस्वी को टीमों के बीच कंटेस्टेंट्स की अदला-बदली करने की शक्ति मिली थी। मजबूत खिलाड़ियों के दूसरी टीम में जाने की आशंका के चलते मेंटर्स के बीच मतभेद सामने आए। बहस के दौरान एल्विश ने स्पष्ट किया कि वह अपनी टीम का कोई कंटेस्टेंट खोना नहीं चाहेंगे। तेजस्वी ने इस पर सवाल किया कि आखिर कौन अपनी टीम के खिलाड़ी को जाने देना चाहेगा। इसके बाद बातचीत व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप तक पहुंच गई।

Leave a comment