गोरखपुर जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनीं 150 लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए निर्देश

CM योगी ने गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में लगातार दूसरे दिन जनता दर्शन में करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को बिना भेदभाव न्याय, पात्रों को योजनाओं का लाभ, जरूरतमंदों के इलाज और भू-माफिया पर कार्रवाई के निर्देश दिए।

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में लगातार दूसरे दिन जनता दर्शन किया। इस दौरान विभिन्न जिलों से आए करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण हो तथा बिना भेदभाव हर व्यक्ति को न्याय मिले।

जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश

गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों से एक-एक कर मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने सभी के प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए त्वरित और संतुष्टिपरक निस्तारण के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने लोगों को आश्वस्त किया कि सरकार हर पीड़ित की समस्या का समाधान कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी तरह का भेदभाव नहीं होना चाहिए। हर पात्र व्यक्ति को जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ जरूरतमंद लोगों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। राजस्व और कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों का भी शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

भू-माफिया और दबंगों पर कार्रवाई के निर्देश

जनता दर्शन में जमीन से जुड़े मामलों को लेकर भी लोग शिकायतें लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले भू-माफिया और दबंगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए और शिकायतों का समाधान संवेदनशीलता के साथ किया जाना चाहिए।

जनता दर्शन में कुछ लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जरूरतमंदों के उच्च स्तरीय इलाज का इस्टीमेट जल्द तैयार कराया जाए। इस्टीमेट उपलब्ध होते ही सरकार के विवेकाधीन कोष से इलाज के लिए धन उपलब्ध कराया जाएगा।

गुरु पूजा के बाद सीएम योगी ने की गोसेवा

गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने अपने पूज्य गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज की समाधि स्थल पर जाकर शीश झुकाया और आशीर्वाद लिया।

बुधवार को आश्विन कृष्ण चतुर्थी के अवसर पर ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज की 12वीं पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री ने विशेष पूजा-अर्चना की। इसके बाद वह मंदिर की गोशाला में भी पहुंचे और गायों व गोवंश को स्नेहपूर्वक गुड़ खिलाया। इस दौरान गोशाला में देश के अलग-अलग हिस्सों से आए संतजन भी मौजूद रहे।

Leave a comment