गुरुग्राम की अरावली पहाड़ियों से मिले युवक शगुन कुमार की मौत अब भी रहस्य बनी हुई है। लव मैरिज की आशंका के चलते परिवार ने गुमशुदगी दर्ज नहीं कराई। 24 दिन बाद उसका कंकाल बरामद हुआ। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं से जांच कर रही है।
Haryana: गुरुग्राम में अरावली की पहाड़ियों से मिले युवक शगुन कुमार के कंकाल के मामले में परिवार की ओर से चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि शगुन अक्सर कहा करता था कि वह अपनी पसंद की लड़की से लव मैरिज करेगा। इसी वजह से जब वह 14 जनवरी को घर नहीं लौटा, तो परिवार ने यही मान लिया कि वह किसी लड़की के साथ चला गया है।
परिवार ने कई बार उसके मोबाइल पर कॉल की, लेकिन फोन बंद आने पर भी किसी तरह की चिंता नहीं जताई गई। परिजन यही सोचते रहे कि शादी के बाद वह खुद लौट आएगा। इसी कारण न तो उसकी तलाश की गई और न ही पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई।
24 दिन बाद जंगल से मिला कंकाल
शगुन मूल रूप से राजस्थान के अलवर जिले के जटीयाणा शाहपुर गांव का रहने वाला था। वह कई सालों से सोहना की नहर कॉलोनी में अपनी मां के साथ किराए पर रह रहा था। 8 फरवरी को सोहना-तावड़ू रोड के पास अरावली की पहाड़ियों में उसका कंकाल बरामद हुआ।
![]()
परिजनों के अनुसार, शव कई दिनों तक जंगल में पड़ा रहा, जिसे जंगली जानवरों ने नोच खाया। मौके से केवल खोपड़ी और हड्डियों का ढांचा मिला। पुलिस ने अवशेषों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा, जहां डॉक्टरों ने विसरा और अन्य सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेज दिए।
मौत से पहले की संदिग्ध गतिविधियां
जांच में सामने आया कि शगुन पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान था, लेकिन उसने परेशानी की वजह किसी को नहीं बताई। परिवार ने बताया कि लापता होने से कुछ दिन पहले शगुन ने अपनी बाइक बेच दी थी। जब उससे वजह पूछी गई, तो उसने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
इसके अलावा वह सोहना के एक केले के गोदाम में काम करता था। लापता होने से पहले उसने अपने मालिक से 10 हजार रुपए एडवांस भी लिए थे। बाइक बेचने और पैसे लेने की जरूरत क्यों पड़ी, इस सवाल का जवाब अब तक नहीं मिल पाया है।
सुसाइड या मर्डर
पुलिस को शव के पास से एक मोबाइल फोन और चार पन्नों का सुसाइड नोट मिला है। दोनों ही गीले हालत में पाए गए हैं। मोबाइल फिलहाल चालू नहीं हो पा रहा है। पुलिस मोबाइल को ऑन करवाने और सुसाइड नोट को पढ़ने के लिए फोरेंसिक लैब भेज रही है। जांच अधिकारी सतबीर ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण और समय का पता चल सकेगा।
शव लंबे समय तक जंगल में पड़ा रहने के कारण कई सबूत नष्ट हो चुके हैं। इससे हत्या के निशान मिलना मुश्किल हो गया है। पुलिस परिवार, सहकर्मियों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या, दोनों ही पहलुओं से जांच कर रही है।











