हिमाचल प्रदेश के सुंदरनगर में तेज बारिश और आंधी से जनजीवन प्रभावित हो गया। स्कूल बस और कार पर पेड़ की शाखाएं गिरने से दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि बिजली के तार टूटने से शहर में कई घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
मंडी: हिमाचल प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए कई इलाकों में तबाही मचा दी। सुंदरनगर में मूसलाधार बारिश और तेज तूफान के कारण पेड़ की शाखाएं स्कूल बस और कार पर गिर गईं, जबकि बिजली के तार टूटने से शहर की विद्युत आपूर्ति भी कई घंटों तक बाधित रही।
तेज आंधी और बारिश से जनजीवन हुआ प्रभावित
मंडी जिले के सुंदरनगर में बुधवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक रौद्र रूप धारण कर लिया। सुबह जहां तेज धूप खिली हुई थी, वहीं दोपहर होते-होते घने बादलों ने पूरे क्षेत्र को ढक लिया। इसके बाद करीब आधे घंटे तक चली मूसलाधार बारिश और तेज आंधी ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ों की शाखाएं टूटकर सड़कों और वाहनों पर गिर गईं।
बीबीएमबी कॉलोनी के चौगान में खड़ी एक स्कूल बस और एक कार पर विशाल पेड़ की भारी शाखाएं गिर गईं। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय दोनों वाहनों में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पेड़ गिरने से बस और कार के शीशे टूट गए तथा वाहनों के अगले हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा।
बिजली के तार टूटने से घंटों अंधेरे में रहा शहर
तेज तूफान का असर बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा। नरेश चौक के पास एक पेड़ बिजली की मुख्य लाइनों पर गिर गया, जिससे कई तार टूटकर सड़क पर बिखर गए। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बिजली विभाग ने तुरंत पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी।
करीब तीन घंटे तक शहर के विभिन्न हिस्सों में बिजली गुल रही। सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और टूटे हुए तारों को हटाकर मरम्मत का काम शुरू किया। आवश्यक कार्य पूरा होने के बाद ही शहर में बिजली आपूर्ति बहाल की जा सकी।
विजिबिलिटी घटी, यातायात भी हुआ प्रभावित
तेज बारिश और आंधी के दौरान दृश्यता काफी कम हो गई, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर सड़क पर पेड़ की टहनियां और मलबा जमा होने से यातायात भी कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने सुरक्षित स्थानों पर शरण ली और बारिश थमने के बाद ही सामान्य गतिविधियां शुरू हो सकीं।
उधर, हिमाचल प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी मौसम का असर देखने को मिला। किन्नौर में बादल फटने की घटना के बीच मंडी जिले में तेज बारिश ने प्रशासन की सतर्कता बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।











