हिमाचल प्रदेश: सिरमौर में सिलेंडर ब्लास्ट, आग में एक ही परिवार के 6 लोगों की दर्दनाक मौत

हिमाचल प्रदेश: सिरमौर में सिलेंडर ब्लास्ट, आग में एक ही परिवार के 6 लोगों की दर्दनाक मौत

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में तलंगाना गांव में देर रात हुए एलपीजी सिलेंडर ब्लास्ट और घर में लगी भीषण आग ने एक ही परिवार के छह सदस्यों की जान ले ली। घटना देर रात 3 बजे के करीब हुई, जब मोहन लाल के घर में आग लगी। 

 सिरमौर: जिला सिरमौर के श्रीरेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाली धनडूरी पंचायत के तलंगाना गांव में देर रात 3 बजे आग लगने से एक ही परिवार के 6 लोगों की जलकर मौत हो गई। मृतकों में कविता देवी (पत्नी लोकेंद्र सिंह), सारिका (9 साल), कृतिका (3 साल), तृप्ता देवी (44 साल) और नरेश कुमार शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, आग सिलेंडर ब्लास्ट के बाद भड़की थी। एसडीएम संगडाह सुनील कुमार घटनास्थल के लिए रवाना हो चुके हैं, वहीं पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंच चुकी है।

सिलेंडर ब्लास्ट और आग की घटना

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। शॉर्ट सर्किट के बाद घर में रखे एलपीजी सिलेंडर में विस्फोट हुआ, जिससे पूरी घर में भीषण आग फैल गई और परिवार के छह सदस्यों की जलकर मृत्यु हो गई। घटना में कुछ पालतू मवेशियों के भी जिंदा जलने की सूचना है।

एसडीएम संगडाह सुनील कुमार और पुलिस घटना स्थल पर तुरंत रवाना हो गए। एक व्यक्ति को घायल अवस्था में रेस्क्यू कर राजगढ़ अस्पताल भेजा गया है। जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया है।

भाजपा नेतृत्व ने जताया शोक

इस दर्दनाक अग्निकांड पर भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सांसद सुरेश कश्यप, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और शांता कुमार ने मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा, “सिरमौर के नौहराधार क्षेत्र में हुए इस दर्दनाक अग्निकांड की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। एक ही परिवार के छह सदस्यों का असमय निधन पूरे प्रदेश के लिए गहरा आघात है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को यह असहनीय दुःख सहने की शक्ति दें।

भाजपा नेतृत्व ने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता, उचित मुआवजा और पुनर्वास की व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित की जाए। पार्टी ने इस कठिन समय में परिवार के साथ मजबूती से खड़े रहने का संकल्प जताया।

Leave a comment