हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक में जूनियर क्लर्क पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 9 मई 2026 से शुरू होगी। योग्य उम्मीदवार 29 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। चयन लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाएगा।
नई दिल्ली: हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक (HPSCB) ने जूनियर क्लर्क पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। बैंकिंग सेक्टर में नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए आवेदन प्रक्रिया 9 मई 2026 से शुरू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित अंतिम तिथि 29 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
ग्रेजुएट उम्मीदवारों के लिए भर्ती का मौका
HPSCB की इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से 12वीं पास होना जरूरी है। इसके साथ ही अभ्यर्थी के पास ग्रेजुएशन की डिग्री भी होनी चाहिए।

आयु सीमा की बात करें तो उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 18 वर्ष और अधिकतम उम्र 45 वर्ष तय की गई है। आयु की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में पांच वर्ष की छूट मिलेगी।
आवेदन शुल्क और प्रक्रिया
भर्ती के लिए आवेदन शुल्क अलग-अलग श्रेणियों के अनुसार तय किया गया है। सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को 1000 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। वहीं, EWS, SC, ST और महिला उम्मीदवारों के लिए शुल्क 800 रुपये रखा गया है।
उम्मीदवार HPSCB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया में जरूरी जानकारी भरने, दस्तावेज अपलोड करने और फीस भुगतान के बाद फॉर्म सबमिट करना होगा।
लिखित परीक्षा से होगा चयन
उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। परीक्षा में रीजनिंग, न्यूमेरिकल एबिलिटी, इंग्लिश और जनरल अवेयरनेस जैसे विषयों से 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे।
परीक्षा कुल 150 अंकों की होगी और इसके लिए 150 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। चयनित उम्मीदवारों को जूनियर क्लर्क पद पर प्रतिमाह 19,900 रुपये वेतन दिया जाएगा।









