वैशाली की एक युवती ने इस्लाम छोड़कर हिंदू धर्म अपनाया और कोर्ट मैरिज की। इसके बाद उसने वीडियो जारी कर परिजनों से जान का खतरा बताया। पहले दर्ज अपहरण केस और बयान के कारण मामला तनावपूर्ण बना हुआ है।
Bihar: वैशाली जिले की रहने वाली असकारा प्रवीण ने हाल ही में इस्लाम धर्म छोड़कर हिंदू धर्म अपना लिया है। धर्म परिवर्तन के बाद उन्होंने अपना नाम रानी कुमारी रख लिया। इसके बाद उन्होंने 16 जनवरी को अपने ननिहाल के रिश्तेदार बादल कुमार से कोर्ट मैरिज की।
शादी के बाद यह मामला तब चर्चा में आया, जब युवती ने एक वीडियो बयान जारी किया। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हलचल मच गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। युवती का कहना है कि उसने यह फैसला पूरी तरह अपनी मर्जी से लिया है और उस पर किसी तरह का दबाव नहीं था।
वीडियो बयान में परिजनों पर लगाए आरोप
रानी कुमारी ने वीडियो के जरिए दावा किया कि उनकी जान और उनके पति के परिवार को खतरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह खतरा उनके मामा और भाई की ओर से है। युवती ने साफ शब्दों में कहा कि अगर उनके या उनके पति के परिवार के साथ कोई अनहोनी होती है, तो इसके लिए उनके मामा और भाई जिम्मेदार होंगे।

वीडियो में युवती ने यह भी स्पष्ट किया कि उसके पति बादल कुमार या उनके परिवार ने उस पर कोई दबाव नहीं बनाया। उन्होंने कहा कि उनकी शादी स्वेच्छा से हुई है और इस पूरे मामले में ससुराल पक्ष निर्दोष है।
लापता होने के बाद दर्ज हुआ था अपहरण का केस
इस मामले की शुरुआत 14 जनवरी को हुई थी, जब असकारा प्रवीण अचानक घर से लापता हो गई थीं। इसके बाद उनकी दादी नवीहन खातून ने वेलसर ओपी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। एफआईआर में आरोप लगाया गया था कि गांव के ही बादल कुमार ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर असकारा का अपहरण किया है।
परिजनों का कहना था कि युवती घर से कुछ सामान लेने निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। शिकायत में बादल कुमार के पिता, मां और एक दोस्त को भी आरोपी बनाया गया था। यहां तक आशंका जताई गई थी कि युवती को गलत उद्देश्य से ले जाया गया है।
अपहरण के आरोपों को युवती ने किया खारिज
अब युवती के वीडियो बयान सामने आने के बाद अपहरण के आरोपों पर सवाल खड़े हो गए हैं। रानी कुमारी ने साफ कहा है कि उसने अपनी इच्छा से धर्म परिवर्तन किया और कोर्ट मैरिज की है। एक तरफ अपहरण की प्राथमिकी दर्ज है, वहीं दूसरी ओर बालिग युवती का बयान और कोर्ट मैरिज के दस्तावेज मौजूद हैं। ऐसे में पुलिस के लिए यह मामला काफी संवेदनशील बन गया है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस युवती के बयान, वीडियो और शादी से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की सुरक्षा पर नजर बनाए हुए है और इलाके में शांति बनाए रखने की कोशिश की जा रही है।











