लखनऊ में 1,100 आयुष छात्र स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर गांधी प्रतिमा पर प्रदर्शन कर रहे हैं। छात्र आयुष मंत्री को मौके पर बुलाने और ₹7,500 का स्टाइपेंड बढ़ाकर ₹25 हजार करने की मांग पर अड़े हैं।
लखनऊ: हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा पर 1,100 आयुष छात्र बारिश के बीच स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। छात्र आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक सरकार की ओर से लिखित आश्वासन नहीं मिलता, वे प्रदर्शन खत्म नहीं करेंगे। छात्र वर्तमान ₹7,500 स्टाइपेंड को बढ़ाकर ₹25 हजार करने की मांग कर रहे हैं।
बारिश के बीच गांधी प्रतिमा पर जुटे आयुष छात्र
लखनऊ के हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा पर करीब 1,100 आयुष छात्र स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौके पर मौजूद हैं। कुछ छात्र छाता लेकर बैठे हैं, जबकि कई पोस्टर सिर पर रखकर बारिश से बचते नजर आए।

छात्र आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े हुए हैं। पिछले करीब एक घंटे से ACP और अन्य पुलिस अधिकारी छात्रों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन प्रदर्शनकारी हटने के लिए तैयार नहीं हैं।
₹7,500 से बढ़ाकर ₹25 हजार स्टाइपेंड की मांग
प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मुख्य मांग स्टाइपेंड बढ़ाने की है। उनका कहना है कि वर्तमान में उन्हें ₹7,500 स्टाइपेंड मिलता है, जिसे बढ़ाकर ₹25 हजार किया जाना चाहिए।
छात्रों का दावा है कि वर्ष 2011 से अब तक स्टाइपेंड में एक रुपये की भी बढ़ोतरी नहीं हुई है। उनका कहना है कि MBBS और BDS इंटर्न का स्टाइपेंड बढ़ाया जा चुका है, जबकि आयुष छात्रों के स्टाइपेंड में कोई वृद्धि नहीं की गई।
लिखित आश्वासन मिलने तक प्रदर्शन जारी रखने का ऐलान
आयुष छात्रों का कहना है कि वे सरकार की ओर से लिखित आश्वासन मिलने तक प्रदर्शन स्थल से नहीं हटेंगे। छात्र मंत्री को मौके पर बुलाकर अपनी मांग पर स्पष्ट जवाब चाहते हैं।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने Gen Z अंदाज में कई पोस्टर भी लगाए हैं। इनमें 'कुचुपुचु स्टाइपेंड बढ़ा दो', 'पुकि सरकार दे दो 25 हजार', 'मेहनत हमारी पूरी है, 25 हजार मांग जरूरी है' और 'काम हमारा पूरा, स्टाइपेंड क्यों आधा-अधूरा' जैसे नारे लिखे हैं।












