मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने पुलिस SI और सूबेदार भर्ती 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। कुल 507 पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन 9 सितंबर से शुरू होंगे और उम्मीदवार 23 सितंबर 2026 तक फॉर्म भर सकेंगे।
भोपाल: मध्य प्रदेश पुलिस में सब-इंस्पेक्टर (SI) और सूबेदार के पदों पर सरकारी नौकरी का मौका आया है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के तहत कुल 507 रिक्त पद भरे जाएंगे। योग्य और इच्छुक उम्मीदवार 9 सितंबर से 23 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
507 पदों पर होगी भर्ती
MPESB की ओर से जारी भर्ती के तहत सूबेदार और अलग-अलग श्रेणी के सब-इंस्पेक्टर पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें सूबेदार के 81 पद, सब-इंस्पेक्टर विशेष सशस्त्र बल (SAF) के 69 पद और जिला पुलिस बल (DEF) के 312 पद शामिल हैं।
![]()
इसके अलावा तकनीकी श्रेणी में सब-इंस्पेक्टर (आर्म्स) के 10 पद, सब-इंस्पेक्टर (फोटो) के 9 पद, सब-इंस्पेक्टर (क्यूडी) के 4 पद और सब-इंस्पेक्टर (फिंगर प्रिंट) के 22 पद निर्धारित किए गए हैं। इस तरह भर्ती के जरिए कुल 507 पदों पर नियुक्तियां होंगी।
ग्रेजुएशन पास उम्मीदवार कर सकेंगे आवेदन
सामान्य SI और सूबेदार पदों के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से ग्रेजुएशन उत्तीर्ण होना जरूरी है। तकनीकी पदों के लिए अलग-अलग शैक्षिक योग्यता निर्धारित की गई है।
SI आयुध पद के लिए मैकेनिकल इंजीनियरिंग में 3 वर्षीय डिप्लोमा आवश्यक है। वहीं, उपनिरीक्षक फोटो, क्यूडी और अंगुल चिन्ह जैसे तकनीकी पदों के लिए संबंधित विषयों में निर्धारित योग्यता जरूरी होगी।
उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन में अपनी संबंधित पोस्ट की शैक्षिक योग्यता और अन्य पात्रता शर्तों की जांच करनी चाहिए।
9 सितंबर से शुरू होंगे आवेदन
MP SI और सूबेदार भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 9 सितंबर 2026 से शुरू होगी। उम्मीदवार 23 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन फॉर्म में सुधार करने के लिए 28 सितंबर 2026 तक का समय दिया गया है।
भर्ती परीक्षा का आयोजन 28 अक्टूबर 2026 से शुरू किया जाएगा। उम्मीदवारों को आवेदन की अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते फॉर्म भरने की सलाह दी गई है।
आयु सीमा कितनी है?
भर्ती में शामिल होने के लिए उम्मीदवार की अधिकतम आयु वर्ग के अनुसार 33 या 38 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
उम्र की गणना को लेकर नोटिफिकेशन में दी गई निर्धारित तारीख और शर्तों को उम्मीदवारों को ध्यान से देखना चाहिए, क्योंकि भर्ती प्रक्रिया में आयु पात्रता महत्वपूर्ण होगी।
प्रारंभिक परीक्षा से इंटरव्यू तक चयन
MP SI और सूबेदार भर्ती में उम्मीदवारों का चयन कई चरणों के आधार पर किया जाएगा। सबसे पहले प्रारंभिक परीक्षा होगी। इसमें सफल उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए आगे बढ़ाया जाएगा।
इसके बाद मुख्य परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षण (PET) और इंटरव्यू की प्रक्रिया होगी। सभी चरणों में प्रदर्शन के आधार पर उम्मीदवारों का अंतिम चयन किया जाएगा।
चयनित उम्मीदवारों को लेवल-9 के अनुसार वेतन दिया जाएगा। वेतनमान ₹36,200 से ₹1,14,800 रुपये प्रतिमाह तक निर्धारित है। भर्ती की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा से जुड़ी विस्तृत जानकारी उम्मीदवार आधिकारिक अधिसूचना में देख सकते हैं।
उम्मीदवार भर्ती से जुड़ी पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, परीक्षा तिथि और अन्य जरूरी जानकारी के लिए MPESB की आधिकारिक वेबसाइट esb.mp.gov.in पर जारी नोटिफिकेशन जरूर देखें।








