हिमाचल के नगरोटा बगवां में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने करीब ₹150 करोड़ की पेयजल, सिंचाई और सीवरेज परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। इस दौरान 10 इलेक्ट्रिक बसों को भी रवाना किया गया।
हिमाचल प्रदेश: कांगड़ा के नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को करीब ₹150 करोड़ की विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सिंचाई, पेयजल और सीवरेज परियोजनाओं की शुरुआत की। कार्यक्रम के दौरान नगरोटा बगवां बस अड्डे से 10 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
नगरोटा बगवां में सिंचाई योजनाओं से 135 हेक्टेयर भूमि को मिलेगा पानी
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बलधर और सिंहुंड में ₹6.35 करोड़ की लागत वाली बलधर एवं सिंहुंड चरण-एक और सिंहुंड चरण-दो उठाऊ सिंचाई योजनाओं का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद क्षेत्र की 135 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इससे किसानों को अपनी कृषि भूमि की सिंचाई में मदद मिलेगी और क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था मजबूत होगी।
इसके अलावा पठियार में ₹25 करोड़ की लागत से तैयार मस्सल पेयजल योजना का लोकार्पण किया गया। एनडीबी के तहत तैयार इस योजना से अंबाड़ी, चाड़ी, लाखामंडल, मंजीती उपरली, मलां, मस्सल, मुहालखड़ और पठियार की आठ पंचायतों के 40 गांवों में रहने वाली 20 हजार से अधिक आबादी को बेहतर पेयजल सुविधा मिलने की बात कही गई है।
पांच पंचायतों के लिए ₹76 करोड़ की सीवरेज योजना
कीरचंबा में ₹76 करोड़ की सीवरेज योजना का शिलान्यास भी किया गया। यह योजना ग्राम पंचायत ठारू, कबाड़ी, हटवास, कीरचंबा और सुनेहड़ के लिए है। इसके पूरा होने से इन पांच पंचायतों में मल निकासी की सुविधा बेहतर करने और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
वहीं, बड़ोह में एडीबी के तहत पुरानी पेयजल योजनाओं के सुधार और पुनर्निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया गया। इसमें मालनू, नेरा ठम्बा, बड़ोह, बुस्सल-2 और टोरू की पेयजल योजनाएं शामिल हैं।
नगरोटा बगवां से 10 इलेक्ट्रिक बसें रवाना
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने नगरोटा बगवां बस अड्डे से 10 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने स्वयं भी इलेक्ट्रिक बस में नगरोटा बगवां से बड़ोह तक यात्रा की।
बलधर, सिंहुंड, पठियार, कीरचंबा, नगरोटा बगवां और बड़ोह में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने को प्राथमिकता दे रही है।
नगरोटा बगवां के विधायक और हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने विभिन्न विकास योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के लिए उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का श्रेय क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को दिया।











