नासिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभ: CM फडणवीस ने रखी 5,757 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स की आधारशिला

नासिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभ के अवसर पर CM देवेंद्र फडणवीस ने 5,757 करोड़ रुपये के विकास प्रोजेक्ट्स की आधारशिला रखी। जानें इन प्रोजेक्ट्स में क्या-क्या

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को कहा कि आगामी सिंहस्थ कुंभ मेले के लिए 20,000 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है, जिससे नासिक एक प्रमुख पर्यटन और तीर्थस्थल के रूप में स्थापित होगा।

महाराष्ट्र: आगामी सिंहस्थ कुंभ मेले को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को नासिक में कई प्रमुख परियोजनाओं का भूमिपूजन किया और बताया कि केंद्र और राज्य सरकारों ने इस धार्मिक और सांस्कृतिक महापर्व के लिए 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले विकास कार्यों को मंजूरी दी है। इनमें से आज 5,757 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का भूमिपूजन किया गया।

सीएम फडणवीस ने कहा कि इन परियोजनाओं के माध्यम से नासिक और त्र्यंबकेश्वर को न केवल धार्मिक तीर्थस्थल के रूप में, बल्कि वैश्विक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ये सभी कार्य पारदर्शी तरीके से पूरे किए जाएंगे और 12 साल में एक बार आयोजित होने वाले इस मेले के लिए धन की कोई कमी नहीं होगी।

कुंभ मेले की अवधि 

नासिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभ: CM फडणवीस ने रखी 5,757 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स की आधारशिला

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह कुंभ मेला विशेष है, क्योंकि यह 75 साल बाद 'त्रिखंड योग' के दौरान आयोजित हो रहा है। मेला 31 अक्टूबर 2026 से शुरू होकर 24 जुलाई 2028 तक चलेगा। उन्होंने कहा, ‘‘इस बार मेला 28 महीने तक आयोजित होगा, और इसका आयोजन भारत के धार्मिक और आध्यात्मिक परंपराओं को मजबूती प्रदान करेगा।’

सीएम फडणवीस ने आगे कहा, ‘हमने योजना बनाई है कि ये सभी कार्य कम से कम 25 वर्षों तक टिके रहें और नासिक तथा त्र्यंबकेश्वर का चेहरा बदल दें। राज्य सरकार अधिग्रहीत भूमि के लिए उचित मुआवजा भी प्रदान करेगी।’

प्रमुख परियोजनाओं और भूमिपूजन

आज के भूमिपूजन कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, कुंभ मेले के प्रभारी राज्य मंत्री गिरीश महाजन और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य में सबसे बड़े जिला परिषद भवन का उद्घाटन भी किया। मुख्यमंत्री ने पंचवटी में रामकुंड क्षेत्र का दौरा किया और प्रस्तावित 99.14 करोड़ रुपये के रामकाल पथ के विकास कार्यों की जानकारी ली। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि सिंहस्थ कुंभ मेला केवल धार्मिक उत्सव नहीं होगा, बल्कि यह भारत को वैश्विक आध्यात्मिक मानचित्र पर मजबूती से स्थापित करेगा।

सीएम फडणवीस और शिंदे ने इसके बाद भगवान कालाराम मंदिर में प्रार्थना की और कहा कि सभी परियोजनाएं समय पर पूरी होंगी, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए कुंभ मेला एक सुरक्षित और यादगार अनुभव बन सके।

Leave a comment