Columbus

ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के साथ BJP मनाएगी तिरंगा अभियान, शहीदों को दी जाएगी श्रद्धांजलि

ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के साथ BJP मनाएगी तिरंगा अभियान, शहीदों को दी जाएगी श्रद्धांजलि

BJP 10 से 14 अगस्त तक देशभर में तिरंगा यात्रा निकालेगी। इस दौरान स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि, ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का प्रचार और विभाजन विभीषिका दिवस पर मौन मार्च का आयोजन होगा।

Tiranga Yatra: भारतीय जनता पार्टी (BJP) देश भर में एक बार फिर तिरंगा यात्रा निकालने जा रही है। यह यात्रा 10 से 14 अगस्त तक देश के हर मंडल में आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य देशभक्ति की भावना को बढ़ाना और ऑपरेशन सिंदूर की उपलब्धियों को आम लोगों तक पहुँचाना है।

यात्रा का उद्देश्य

भाजपा के इस अभियान का मुख्य फोकस देशवासियों के बीच राष्ट्रप्रेम को और अधिक मजबूत करना है। साथ ही, इस यात्रा के दौरान पार्टी संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अन्य वरिष्ठ नेताओं द्वारा दिए गए भाषणों का व्यापक प्रचार-प्रसार करेगी।

ऑपरेशन सिंदूर का जश्न

यह यात्रा भाजपा द्वारा पहले आयोजित की गई 13 मई से 23 मई तक की तिरंगा यात्रा की तरह ही होगी, जो ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का जश्न मनाने के लिए निकाली गई थी। अब लोकसभा में इस अभियान पर हुई 16 घंटे की लंबी चर्चा के बाद इसे एक नए चरण के रूप में पेश किया जा रहा है।

हर घर तिरंगा अभियान

13 से 15 अगस्त तक चलने वाले 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत हर नागरिक और प्रतिष्ठान को राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि स्वतंत्रता दिवस केवल सरकारी औपचारिकता न रहकर, आम जन की भागीदारी से उत्सव बने।

स्मारकों पर स्वच्छता अभियान

इस यात्रा के दौरान भाजपा स्वतंत्रता संग्राम, युद्ध स्मारकों और राष्ट्रीय स्मारकों से जुड़े स्थानों पर स्वच्छता अभियान भी चलाएगी। इसके माध्यम से न केवल सफाई के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी, बल्कि इन स्थलों का ऐतिहासिक महत्व भी रेखांकित किया जाएगा।

सेना और शहीदों को सम्मान

रक्षा बलों की भूमिका को सम्मानित करने के लिए यात्रा के दौरान भारतीय सैनिकों की सेवा और बलिदान को उजागर किया जाएगा। पोस्टर्स, प्रदर्शनी और संवाद के ज़रिए स्वदेशी रक्षा उपकरणों का प्रदर्शन किया जाएगा और देश की सैन्य ताकत को जनता के सामने लाया जाएगा। शहीदों के परिवारों, युद्ध नायकों और पुलिस अधिकारियों को भी औपचारिक तौर पर सम्मानित किया जाएगा।

सीमा चौकियों का दौरा

अभियान के एक हिस्से के रूप में, भाजपा सीमावर्ती क्षेत्रों की चौकियों पर भी कार्यक्रम आयोजित करेगी। जहां सैनिकों को औपचारिक रूप से उनके समर्पण और देश सेवा के लिए सम्मानित किया जाएगा। यह कदम विशेष रूप से उन लोगों के लिए होगा जो सीमा पर तैनात रहकर देश की रक्षा करते हैं।

विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस

14 अगस्त को भाजपा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस भी मनाएगी। इस दिन देशभर में मौन मार्च निकाला जाएगा, जिसमें भारत विभाजन के दौरान पीड़ित हुए लाखों लोगों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। यह मार्च देश के विभिन्न हिस्सों में स्थानीय कार्यकर्ताओं और नेताओं की अगुवाई में होगा।

इस व्यापक अभियान के संचालन के लिए हर राज्य में एक संयोजक और तीन सदस्यों की एक कमेटी बनाई जाएगी, जो यात्रा के सभी पहलुओं का समन्वय करेगी। राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल को अभियान का प्रमुख समन्वयक नियुक्त किया गया है।

Leave a comment