इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि अमेरिका के साथ मिलकर चलाया गया अभियान ईरान के इस्लामी शासन को कमजोर कर रहा है। इजरायल पहले से अधिक मजबूत है और क्षेत्र में स्थिरता बनाए रख रहा है।
Isreal-US-Iran War: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हाल ही में राष्ट्र को संबोधित करते हुए ईरान के खिलाफ इजरायल और अमेरिका के संयुक्त अभियान की प्रगति के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह अभियान बहुत अच्छी तरह से चल रहा है और इसे एक बड़ी उपलब्धि माना जा सकता है। पीएम नेतन्याहू ने स्पष्ट किया कि यह अभियान ईरान के इस्लामी शासन को धीरे-धीरे कुचल रहा है और इजरायल के सामने जो अस्तित्व का खतरा था, उसे खत्म किया जा रहा है।
नेतन्याहू ने अपने भाषण में जनता को भरोसा दिलाया कि इजरायल आज पहले से कहीं ज्यादा मजबूत है और पूरी दुनिया उनकी लड़ाई की आवाज सुन रही है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में हासिल हुई सफलताएं भारी कीमत चुकाकर प्राप्त की गई हैं। इस दौरान उन्होंने लेबनान में इजरायली सैनिकों की मौत पर शोक भी व्यक्त किया।
इजरायल बना रहा नए गठबंधन
अपने भाषण में पीएम नेतन्याहू ने कहा कि देर-सवेर ईरान का मौजूदा शासन गिर जाएगा। उन्होंने बताया कि इजरायल ने क्षेत्र के कई महत्वपूर्ण देशों के साथ नए गठबंधन बनाना शुरू कर दिया है, ताकि ईरान के खतरे को रोकने में सहयोग बढ़ाया जा सके। हालांकि, उन्होंने किसी देश का नाम नहीं लिया, लेकिन संकेत दिया कि जल्द ही इन गठबंधनों के बारे में और जानकारी साझा की जाएगी।
नेतन्याहू का कहना है कि यह कदम केवल सैन्य कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र में स्थिरता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी आवश्यक है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इजरायल और उसके सहयोगी देश मिलकर इस खतरे का मुकाबला करेंगे और ईरान को कमजोर बनाएंगे।
![]()
ईरान के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलताएं
नेतन्याहू ने बताया कि अमेरिका के साथ एक महीने से चल रहे सैन्य अभियान में इजरायल ईरान के आतंकवादी शासन को व्यवस्थित तरीके से कमजोर कर रहा है। उन्होंने कहा कि ईरान ने पिछले कई दशकों में अमेरिका और इजरायल को नष्ट करने की योजनाओं के लिए परमाणु कार्यक्रम, बैलिस्टिक मिसाइलें और आतंकी संगठनों को वित्तीय सहायता प्रदान की।
पीएम ने दावा किया कि ईरान ने इन गतिविधियों में लगभग एक हजार अरब डॉलर खर्च किए, लेकिन अब यह पैसा व्यर्थ हो गया। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह अभियान ईरान की आर्थिक और सैन्य शक्ति को कमजोर कर रहा है।
7 अक्टूबर 2023 के बाद की कार्रवाइयां
नेतन्याहू ने 7 अक्टूबर 2023 के बाद किए गए प्रमुख लक्ष्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस दौरान कई उच्च पदस्थ ईरानी अधिकारी, परमाणु वैज्ञानिक, रिवोल्यूशनरी गार्ड के नेता और आतंकवादी संगठन जैसे हिजबुल्ला और हमास के प्रमुख नेताओं को निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि इन कार्रवाइयों से ईरान पहले से कहीं ज्यादा कमजोर हो गया है, जबकि इजरायल पहले से ज्यादा मजबूत बन चुका है।
पीएम ने स्पष्ट किया कि अभियान अभी खत्म नहीं हुआ है और इजरायल अपनी रणनीति के तहत ईरान को कमजोर करने का काम जारी रखेगा।
ईरान का गिरना तय
पीएम नेतन्याहू ने यह भी कहा कि इजरायल ने पूरी दुनिया को ईरान के खतरे के प्रति जागरूक किया है। उन्होंने बताया कि पहले कई देशों के नेता इसे नजरअंदाज करते थे, लेकिन अब ज्यादातर लोग खतरे को समझ चुके हैं। कुछ नेता गुप्त रूप से यह मानते हैं कि इजरान खतरा है, लेकिन खुलकर बोलने से डरते हैं। वहीं, कुछ देश अब कार्रवाई भी कर रहे हैं।










