बिहार विधानसभा चुनाव के साथ ही देश के सात राज्यों में आठ विधानसभा सीटों के उपचुनावों के नतीजे भी सामने आ गए हैं। इन नतीजों में राजस्थान, पंजाब, तेलंगाना, मिजोरम, जम्मू-कश्मीर और ओडिशा की सीटों पर राजनीतिक समीकरण बदलते हुए नजर आए।
Byelection Results 2025: बिहार विधानसभा चुनाव नतीजों के साथ ही सात राज्यों की आठ विधानसभा सीटों के नतीजे भी सामने आ रहे हैं। इनमें कांग्रेस ने राजस्थान की अंता (बारां) सीट बीजेपी से जीतकर छीन ली है। इस सीट पर कांग्रेस के प्रमोद जैन 'भाया' ने 15,612 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। उन्होंने बीजेपी के मोरपाल सुमन को हराया।
राजस्थान में कांग्रेस ने BJP से छीनी अंता सीट
राजस्थान की अंता (बारां) सीट पर कांग्रेस ने भाजपा को करारी हार दी। कांग्रेस के उम्मीदवार प्रमोद जैन 'भाया' ने 15612 वोटों से जीत हासिल की। जैन ने बीजेपी के मोरपाल सुमन को हराकर अपनी जीत दर्ज कराई। इस जीत ने कांग्रेस को राज्य में एक नई राजनीतिक ऊर्जा दी है और आगामी विधानसभा चुनावों के लिए संकेत भी माना जा रहा है।
तेलंगाना में कांग्रेस की शानदार जीत
तेलंगाना की जुबली हील्स सीट पर भी कांग्रेस ने जीत दर्ज की। यहां कांग्रेस के नवीन यादव ने 24729 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार मगंती सुनीता गोपीनाथ को पराजित किया। यह सीट पहले बीआरएस (पूर्व मुख्यमंत्री केसीआर की पार्टी) के पास थी, लेकिन इस बार कांग्रेस ने मजबूती से जीत दर्ज की।

पंजाब में AAP ने अपनी सीट बचाई
पंजाब की तरनतारन विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी (AAP) ने सफलता हासिल की। AAP के उम्मीदवार हरमीत सिंह संधू ने अकाली दल की सुखविंदर कौर को 12091 वोटों के अंतर से हराया। इस जीत ने AAP की पंजाब में पकड़ को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मिजोरम और जम्मू-कश्मीर में भी राजनीतिक गतिविधियां
मिजोरम के डंपा सीट पर मिजो नेशनल फ्रंट (MNF) के डॉ. आर ललथंगलियाना ने वी. अनलालसैलोवा को 562 वोटों के अंतर से पराजित किया। वहीं जम्मू-कश्मीर के नागरोटा में BJP उम्मीदवार देवयानी राणा ने जीत दर्ज की। इस बार बडगाम से पीडीपी और ओडिशा की नुआपाड़ा से BJP आगे चल रही है। हालांकि झारखंड के घाटशिला में पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के बेटे और BJP उम्मीदवार बाबूलाल सोरेन, झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के सोमेश चंद्र सोरेन से काफी पीछे हैं।












