Ryan ten Doeschate को मिली नई जिम्मेदारी, KKR के साथ IPL 2027 में नई भूमिका में आएंगे नजर

Ryan ten Doeschate New Role: टीम इंडिया के पूर्व सहायक कोच रेयान टेन डोशेट को नई जिम्मेदारी मिली है। वह IPL 2027 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के साथ नई

भारतीय क्रिकेट टीम के सहायक कोच के तौर पर अपना कार्यकाल पूरा करने के बाद रयान टेन डोएशे अब इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के साथ नई भूमिका में नजर आएंगे।

स्पोर्ट्स न्यूज़: भारतीय क्रिकेट टीम के सहायक कोच पद से हटने के बाद नीदरलैंड के पूर्व क्रिकेटर रयान टेन डोएशेट को नई जिम्मेदारी मिल गई है। टीम इंडिया के कोचिंग स्टाफ से अलग होने के महज 24 घंटे के भीतर टेन डोएशेट इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से जुड़ गए हैं। अब वह टीम के लिए क्रिकेट रणनीति प्रमुख (Head of Cricket Strategy) की भूमिका निभाएंगे।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने हाल ही में पुष्टि की थी कि रयान टेन डोएशेट और भारतीय टीम के फील्डिंग कोच टी दिलीप के अनुबंध को आगे नहीं बढ़ाया जाएगा। इसके बाद टेन डोएशेट ने तुरंत अपनी नई पारी की शुरुआत KKR के साथ कर दी है।

KKR में रणनीति और प्रतिभा खोज की जिम्मेदारी संभालेंगे टेन डोएशेट

कोलकाता नाइट राइडर्स में रयान टेन डोएशेट की भूमिका काफी अहम रहने वाली है। वह सिर्फ टीम की रणनीति तैयार करने तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि फ्रेंचाइजी के लिए खिलाड़ियों की खोज, चयन प्रक्रिया और प्रदर्शन के मूल्यांकन में भी महत्वपूर्ण योगदान देंगे। उनकी जिम्मेदारियों में दुनियाभर में मौजूद KKR की फ्रेंचाइजी टीमों के लिए क्रिकेट योजनाएं तैयार करना और खिलाड़ियों के विकास पर नजर रखना भी शामिल होगा।

KKR ग्रुप की वैश्विक फ्रेंचाइजी में कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) की ट्रिनबागो नाइट राइडर्स, ILT20 की अबूधाबी नाइट राइडर्स और मेजर लीग क्रिकेट (MLC) की लॉस एंजिलिस नाइट राइडर्स जैसी टीमें शामिल हैं। टेन डोएशेट इन टीमों के साथ भी कोचिंग और रणनीतिक स्तर पर काम करेंगे।

रयान टेन डोएशेट ने जताई खुशी

KKR के साथ जुड़ने के बाद रयान टेन डोएशेट ने इस नई जिम्मेदारी को लेकर उत्साह जाहिर किया। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए वैश्विक फ्रेंचाइजी सिस्टम के साथ काम करने और टीमों के विकास में योगदान देने का शानदार अवसर है। उन्होंने कहा कि वह प्रतिभा खोज, खिलाड़ी विकास प्रणाली को मजबूत करने और लंबे समय की क्रिकेट रणनीति तैयार करने में अपनी भूमिका निभाने को लेकर उत्साहित हैं।

टेन डोएशेट के अनुभव को देखते हुए KKR को उम्मीद है कि उनकी विशेषज्ञता टीम को भविष्य के लिए मजबूत खिलाड़ी तैयार करने और बेहतर रणनीति बनाने में मदद करेगी।

KKR के साथ पुराना है टेन डोएशेट का रिश्ता

रयान टेन डोएशेट का कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ रिश्ता काफी पुराना है। वह बतौर खिलाड़ी KKR की सफल टीम का हिस्सा रह चुके हैं। उन्होंने 2012 और 2014 में KKR के आईपीएल खिताब जीतने वाले अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसके बाद 2024 में जब कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपना तीसरा आईपीएल खिताब जीता, तब टेन डोएशेट टीम के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा थे। KKR के साथ उनके पुराने अनुभव और फ्रेंचाइजी क्रिकेट की समझ को देखते हुए उन्हें यह नई जिम्मेदारी दी गई है।

रयान टेन डोएशेट पिछले कुछ समय से भारतीय टीम के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा थे। उन्होंने मुख्य कोच गौतम गंभीर के साथ मिलकर टीम की तैयारियों और रणनीति में योगदान दिया। हालांकि, भारतीय टीम के सपोर्ट स्टाफ में बदलाव के बाद उनका कार्यकाल समाप्त हो गया। बीसीसीआई ने नए कोचिंग सेटअप के तहत कुछ पदों में बदलाव करने का फैसला किया।

Leave a comment