ईरान संकट और ट्रंप के टैरिफ बयान से भारतीय शेयर बाजार में दबाव दिखा। शुरुआती तेजी के बाद सेंसेक्स फिसल गया और निफ्टी 25,750 के नीचे आ गया। निवेशक वैश्विक संकेत और Q3 नतीजों का इंतजार कर रहे हैं।
Stock Market: मंगलवार 13 जनवरी को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत सकारात्मक संकेतों के साथ हुई। एशियाई बाजारों में मजबूती और भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता को लेकर उम्मीदों के चलते ओपनिंग में खरीदारी देखने को मिली। बीएसई सेंसेक्स 84,000 के स्तर के ऊपर खुला और निफ्टी भी मजबूती के साथ आगे बढ़ा। हालांकि शुरुआती बढ़त ज्यादा देर टिक नहीं सकी और कुछ ही समय में बाजार लाल निशान में आ गया। इसकी सबसे बड़ी वजह ईरान से जुड़े भू-राजनीतिक तनाव और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का सख्त टैरिफ बयान रहा।
सेंसेक्स और निफ्टी का हाल
तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स बढ़त के साथ 84,079 अंक पर खुला और 84 हजार का अहम स्तर पार किया। लेकिन ओपनिंग के कुछ ही मिनटों बाद बिकवाली बढ़ गई। सुबह 9:37 बजे सेंसेक्स 195.79 अंक या 0.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ 83,682.38 के स्तर पर कारोबार करता दिखा।
वहीं एनएसई का निफ्टी 50 भी 25,897 के स्तर पर मजबूत शुरुआत करने के बाद फिसल गया। सुबह 9:38 बजे निफ्टी 60.40 अंक या 0.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,729.85 पर ट्रेड कर रहा था। इंडेक्स पर दबाव खासतौर पर ऑइल एंड गैस और हैवीवेट शेयरों से आया।
ईरान संकट से निवेशकों में चिंता
बाजार में कमजोरी की मुख्य वजह अमेरिका और ईरान से जुड़ा तनाव है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ नए प्रतिबंधों का एलान किया है। उन्होंने साफ कहा है कि जो भी देश ईरान के साथ व्यापार करेगा, उस देश के साथ अमेरिका होने वाले सभी व्यापार पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाएगा।
ट्रंप के मुताबिक यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू होगा और इसमें किसी तरह की ढील नहीं दी जाएगी। इस बयान के बाद ग्लोबल ट्रेड को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है, जिसका असर सीधे शेयर बाजार पर पड़ा है।
भारत के लिए क्यों अहम है यह फैसला
तेहरान स्थित भारतीय दूतावास के अनुसार भारत, ईरान के शीर्ष पांच व्यापारिक साझेदारों में शामिल है। भारत से ईरान को चावल, चाय, चीनी, दवाइयां, आर्टिफिशियल फाइबर, इलेक्ट्रिकल मशीनरी और आर्टिफिशियल जूलरी का निर्यात होता है।
वहीं ईरान से भारत को सूखे मेवे, ऑर्गेनिक और इनऑर्गेनिक केमिकल्स और कांच के बर्तन आयात किए जाते हैं। ऐसे में ट्रंप का यह टैरिफ एलान भारतीय कंपनियों और निवेशकों के लिए चिंता का विषय बन गया है। इसी वजह से बाजार में सतर्कता और मुनाफावसूली देखने को मिली।
ऑइल एंड गैस शेयरों पर दबाव
ईरान संकट का सबसे ज्यादा असर ऑइल एंड गैस सेक्टर पर दिखा। रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसे इंडेक्स हैवीवेट शेयरों में कमजोरी देखने को मिली। निवेशकों को आशंका है कि अगर ईरान से जुड़ा तनाव बढ़ता है तो कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव आ सकता है, जिससे एनर्जी सेक्टर पर दबाव बनेगा। इसके चलते इन शेयरों में शॉर्ट टर्म में सतर्कता बरती जा रही है।
Global Markets से मिले संकेत
ग्लोबल मार्केट्स की बात करें तो एशियाई शेयर बाजारों में मजबूती देखने को मिली। निवेशकों ने ईरान और वेनेजुएला में चल रहे भू-राजनीतिक तनावों और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पॉवेल के खिलाफ चल रही जांच को फिलहाल नजरअंदाज किया।
चीन का CSI 300 इंडेक्स 0.54 प्रतिशत चढ़ा। हांगकांग का Hang Seng 1.32 प्रतिशत ऊपर रहा। दक्षिण कोरिया का Kospi 1.04 प्रतिशत मजबूत हुआ। वहीं जापान का Nikkei 3.22 प्रतिशत उछल गया। जापान में तेजी की वजह यह खबर रही कि सत्तारूढ़ Liberal Democratic Party फरवरी में अचानक चुनाव कराने के लिए इस महीने निचले सदन को भंग कर सकती है।
वॉल स्ट्रीट का रुख
अमेरिकी शेयर बाजार वॉल स्ट्रीट पर भी मजबूती बनी रही। S&P 500 और Dow Jones रातों-रात नए रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुए। S&P 500 में 0.16 प्रतिशत, Dow Jones में 0.17 प्रतिशत और Nasdaq में 0.26 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।
अब वैश्विक निवेशकों की नजर अमेरिका के दिसंबर महीने के Consumer Price Index यानी CPI आंकड़ों पर टिकी है, जो आज बाद में जारी होंगे। महंगाई के ये आंकड़े फेडरल रिजर्व की आगे की नीति के संकेत दे सकते हैं।
Q3 Results से बाजार की चाल
आज बाजार की दिशा तय करने में तिमाही नतीजों की भी बड़ी भूमिका रहेगी। ICICI Lombard, ICICI Prudential Life, Tata Elxsi, 5paisa Capital, Just Dial, Bank of Maharashtra, Navkar Corporation, Oriental Hotels, Sigma Solve और Tokyo Plast International आज अपने Q3 नतीजे जारी करेंगे।
इसके अलावा Tata Consultancy Services, HCL Technologies और Anand Rathi Wealth जैसी कंपनियों के नतीजों पर भी निवेशकों की नजर बनी रहेगी। इन कंपनियों ने अपने नतीजे सोमवार को बाजार बंद होने के बाद जारी किए थे, जिन पर आज प्रतिक्रिया देखने को मिल सकती है।
IPO सेगमेंट में हलचल
प्राइमरी मार्केट में भी आज हलचल बनी रहेगी। मेनबोर्ड सेगमेंट में Amagi Media Labs का IPO सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। वहीं Bharat Coking Coal का IPO आज बंद हो जाएगा।
MSME सेगमेंट की बात करें तो GRE Renew Enertech और Indo SMC के IPO आज खुलेंगे। जबकि Defrel Technologies का IPO आज बंद होगा। Gabian Technologies India के शेयर आज बाजार में लिस्ट होने वाले हैं, जिससे इस स्टॉक में निवेशकों की खास दिलचस्पी रह सकती है।












