शिवपाल यादव ने साधा केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना, कहा- 'इंजन के बाद अब भिड़ रहे डिब्बे'

राजनीतिक विवाद के बीच शिवपाल यादव ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अब 'इंजन के बाद डिब्बों की लड़ाई' जारी है। जानिए बयान का पूरा

सपा महासचिव शिवपाल यादव ने उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में आयोजित पूर्व मंत्री स्व. राजीव सिंह की पुण्यतिथि कार्यक्रम में केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने नमामि गंगे परियोजना में अरबों रुपये के घोटाले का आरोप लगाया और कहा कि गांवों तक साफ पानी नहीं पहुंचा। 

लखनऊ: यूपी में पहले इंजन टकरा रहे थे और अब उसके डिब्बे भी भिड़ रहे हैं। इसी संदर्भ में नमामि गंगे परियोजना में अरबों रुपये के कथित घोटाले की बात उठी है। इसे जांच के दायरे में लाना और स्पष्ट खुलासा करना जरूरी है, क्योंकि कई गांवों में अभी तक साफ पानी नहीं पहुंच पाया है। वहीं, यूजीसी पर न्यायालय में मामला होने की बात कहकर जिम्मेदारी टाल दी जा रही है।

ये बातें सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने हड़ाहा में आयोजित पूर्व मंत्री स्व. राजीव सिंह की पुण्यतिथि कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में कही। उन्होंने आरोप लगाया कि यह दोहरे चरित्र वाले लोग हैं। इसके साथ ही उन्होंने शंकराचार्य से प्रमाणपत्र मांगने की बात का जिक्र किया और कहा कि शंकराचार्य को नोटिस भी दे दिया गया है।

नमामि गंगे परियोजना में घोटाले का आरोप

शिवपाल यादव ने कहा, "पहले इंजन टकरा रहे थे, अब डिब्बे भिड़ रहे हैं। नमामि गंगे परियोजना में अरबों रुपये खर्च हुए, लेकिन किसी गांव तक पानी नहीं पहुंचा। इस घोटाले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। भाजपा की सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है।" उन्होंने आगे कहा कि इस योजना में कई विधायक भी भ्रष्टाचार की शिकायत कर चुके हैं, लेकिन किसी ने ठोस कार्रवाई नहीं की। शिवपाल ने आरोप लगाया कि योजना में घर-घर पानी पहुंचाने का दावा झूठा साबित हुआ है।

कार्यक्रम में शिवपाल यादव ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों, गरीबों और आम जनता की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही। उन्होंने नोटबंदी और कोरोना काल में जनता को मिले नकारात्मक प्रभावों का जिक्र किया। शिवपाल ने कहा, "धान खरीद केंद्रों पर भ्रष्टाचार चरम पर है, किसानों का धान 1500 रुपये में बिक रहा है, लेकिन सरकार कुछ नहीं कर रही। 

महंगाई बढ़ रही है और जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सिर्फ पूंजीपतियों और अपने चहेतों की बात करती है और समाज में मतभेद फैलाने का काम कर रही है।

पूर्व सरकारों और विकास की तुलना

सपा नेता ने सपा सरकार के कार्यकाल की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी सरकार में 75 जिलों में विकास कार्य होते थे, लेकिन भाजपा के दस साल में सड़कों में गड्ढे भी नहीं भरे जा सके। शिवपाल ने पूर्व मंत्री स्व. बेनी बाबू का उदाहरण देते हुए कहा कि उनके समय में गांवों के विकास कार्य समय पर पूरे होते थे।

उन्होंने कहा, "भ्रष्टाचार, महंगाई और जनता की उपेक्षा भाजपा सरकार का मुख्य चेहरा बन चुकी है। यह सरकार बेईमानों का राज चला रही है। थाने, तहसील और सरकारी दफ्तरों में लूट और धांधली आम बात हो गई है। शिवपाल ने कहा कि आजादी के बाद से लोग वोट देते आ रहे हैं, लेकिन वर्तमान में जनता को साक्ष्य देना पड़ रहा है कि कौन ईमानदार है और कौन नहीं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में सत्ता और भ्रष्टाचार का गठबंधन है।

Leave a comment