स्मैक तस्कर साहिल नायक को सीकर पुलिस ने किया गिरफ्तार, सप्लायर की तलाश जारी

स्मैक तस्कर साहिल नायक को सीकर पुलिस ने किया गिरफ्तार, सप्लायर की तलाश जारी

पुलिस ने ह्यूमन इंटेलिजेंस सूचना के आधार पर साहिल नायक को पकड़ा। जांच में पता चला कि उसने स्मैक किसी सुरेश नामक व्यक्ति से लिया था। पुलिस मामले की तह तक जाने के लिए जांच में जुटी है।

Sikar: सीकर की कोतवाली थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए फतेहपुर रोड पर स्मैक बेचने की फिराक में खड़े युवक को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार युवक साहिल नायक (22) पुत्र कमल कुमार नायक निवासी मोहल्ला नायकान है। उसके पास से कुल 9.11 ग्राम स्मैक पाउडर बरामद किया गया।

शहर में ह्यूमन इंटेलिजेंस से मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। सीकर पुलिस का कहना है कि इस तरह की तस्करी रोकने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

सप्लायर की तलाश जारी

जांच में सामने आया कि साहिल नायक स्मैक किसी सुरेश नामक व्यक्ति से लेकर आया था। पुलिस ने सुरेश को नामजद कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी ने स्मैक थैली में रखकर फतेहपुर रोड पर बेचने के लिए लाया था।

एसएचओ सुनील कुमार जांगिड़ ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी और उसके पास से बरामद स्मैक की पुष्टि हो चुकी है। अब पुलिस मामले के अन्य जुड़े अपराधियों को पकड़ने के लिए छानबीन कर रही है।

जांच अधिकारी

इस मामले की जांच इंस्पेक्टर राजेश बुडानिया कर रहे हैं। गिरफ्तारी में कॉन्स्टेबल दलीप भामू और दिनेश की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में अन्य आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तुरंत सूचना दें। इससे नशे की तस्करी और बिक्री को रोकने में मदद मिलेगी।

Leave a comment