स्विट्जरलैंड में बड़ा हादसा: हिमस्खलन से पटरी से उतरी पैसेंजर ट्रेन, कई घायल

दक्षिणी स्विट्जरलैंड में हिमस्खलन के कारण पैसेंजर ट्रेन डिरेल हुई। बचाव अभियान जारी, कई यात्री घायल, रेल यातायात प्रभावित। पूरी खबर पढ़ें।

दक्षिणी स्विट्जरलैंड के गोपेनस्टीन गांव के पास हिमस्खलन के कारण पैसेंजर ट्रेन डिरेल हो गई। 80 यात्री सवार थे। बचाव अभियान जारी है। कई घायल अस्पताल पहुंचे। रेल मार्ग बाधित, सुरक्षा के लिए लोगों को दूर रहने की सलाह।

World News: दक्षिणी स्विट्जरलैंड में सोमवार सुबह एक गंभीर रेल हादसा हुआ। गोपेनस्टीन गांव के पास 80 लोगों को ले जा रही पैसेंजर ट्रेन एवलांच के बाद पटरी से उतर गई। स्विस पुलिस ने जानकारी दी कि हादसा सुबह करीब 7 बजे हुआ। ट्रेन में सवार यात्रियों की सुरक्षा के लिए तुरंत बचाव अभियान शुरू किया गया।

बचाव अभियान जारी

घटना के तुरंत बाद एम्बुलेंस और रेस्क्यू हेलीकॉप्टर मौके पर पहुंचे। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि हादसे में कई लोग घायल हुए हैं। न्यूज़ एजेंसी AFP के मुताबिक, सुबह 10 बजे तक प्रभावित डिब्बों से 30 यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया था। बचाव दल अब भी अन्य यात्रियों को निकालने और घायल यात्रियों को अस्पताल पहुंचाने में जुटा हुआ है।

हादसे का कारण: हिमस्खलन

स्विस रेल कंपनी BLS के एक प्रवक्ता ने बताया कि स्टॉकग्राबेन इलाके में अचानक आए एवलांच के कारण ट्रेन पटरी से उतर गई। ट्रेन स्पीज़ से सुबह 6.12 बजे ब्रिग की ओर रवाना हुई थी और हादसा उस समय दक्षिण की ओर बढ़ते समय हुआ। अधिकारीयों ने बताया कि ट्रेन के डिब्बों में सवार यात्रियों की संख्या लगभग 80 थी और उनके लिए तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

रेल यातायात प्रभावित

BLS ने बयान जारी कर कहा कि हादसे के कारण गोपेनस्टीन और ब्रिग के बीच रेल यातायात को रोक दिया गया है। अधिकारियों ने कहा कि इस मार्ग पर ट्रेन सेवा कम से कम मंगलवार तक बाधित रहेगी। यात्रियों और स्थानीय लोगों से सुरक्षा कारणों से रेल मार्ग से दूर रहने की अपील की गई है।

Leave a comment