UGC NET June 2026 परीक्षा की प्रोविजनल आंसर की और रिस्पॉन्स शीट जल्द जारी होने की उम्मीद है। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर लॉगिन कर उत्तर कुंजी डाउनलोड कर सकेंगे और निर्धारित अवधि में प्रति प्रश्न 200 रुपये शुल्क देकर आपत्ति भी दर्ज कर पाएंगे।
नई दिल्ली: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) जल्द ही UGC NET June 2026 Answer Key और रिस्पॉन्स शीट जारी कर सकती है। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर लॉगिन कर अपनी उत्तर कुंजी और रिस्पॉन्स शीट डाउनलोड कर सकेंगे। हालांकि, एजेंसी ने अभी तक आधिकारिक रिलीज डेट और समय की घोषणा नहीं की है।
इस सप्ताह जारी हो सकती है प्रोविजनल आंसर की
![]()
UGC NET जून 2026 परीक्षा समाप्त हुए लगभग एक महीना होने वाला है, लेकिन अभी तक प्रोविजनल आंसर की जारी नहीं की गई है। सामान्य तौर पर NTA परीक्षा समाप्त होने के एक से दो सप्ताह के भीतर उत्तर कुंजी जारी कर देता है, लेकिन इस बार प्रक्रिया में देरी देखने को मिल रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एजेंसी इस सप्ताह आंसर की और रिस्पॉन्स शीट जारी कर सकती है। हालांकि, NTA ने अभी तक अपनी आधिकारिक वेबसाइट या सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इसकी पुष्टि नहीं की है।
आंसर की से ऐसे मिलेगा प्रदर्शन का अंदाजा
प्रोविजनल आंसर की जारी होने के बाद उम्मीदवार अपने उत्तरों का मिलान कर सकेंगे और संभावित स्कोर का अनुमान लगा पाएंगे। यदि किसी प्रश्न के आधिकारिक उत्तर पर अभ्यर्थियों को आपत्ति होती है, तो वे निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रति प्रश्न 200 रुपये शुल्क जमा कर ऑनलाइन ऑब्जेक्शन दर्ज कर सकेंगे। सभी आपत्तियों की समीक्षा के बाद NTA अंतिम उत्तर कुंजी जारी करेगा, जिसके आधार पर परिणाम घोषित किए जाएंगे।
ऐसे डाउनलोड कर सकेंगे उत्तर कुंजी
आंसर की जारी होने के बाद उम्मीदवार सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर जाएं। होमपेज पर उपलब्ध UGC NET June 2026 Provisional Answer Key लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद अपना एप्लीकेशन नंबर, जन्म तिथि या पासवर्ड तथा सुरक्षा कोड दर्ज कर लॉगिन करें। लॉगिन के बाद स्क्रीन पर आंसर की और रिस्पॉन्स शीट दिखाई देगी, जिसे डाउनलोड कर भविष्य के लिए सुरक्षित रखा जा सकता है।
इन तिथियों में हुई थी परीक्षा
UGC NET जून 2026 परीक्षा का आयोजन 22, 23, 24, 25, 29 और 30 जून 2026 को देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर किया गया था। वहीं जालंधर स्थित CT ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स परीक्षा केंद्र पर परीक्षा रद्द होने के कारण वहां के अभ्यर्थियों के लिए पुनः परीक्षा 5 जुलाई 2026 को आयोजित की गई। अब सभी उम्मीदवार प्रोविजनल आंसर की जारी होने का इंतजार कर रहे हैं, जिसके बाद परिणाम प्रक्रिया अगले चरण में पहुंचेगी।









