WhatsApp पर फर्जी चालान मैसेज से सावधान, एक क्लिक में हो सकता है बड़ा नुकसान

व्हाट्सऐप पर ट्रैफिक चालान के नाम पर ठगी बढ़ी. नकली लिंक से डेटा और पैसे चोरी का खतरा. ऐसे मैसेज को अनदेखा करें और केवल आधिकारिक साइट पर जांचें.

व्हाट्सऐप पर फर्जी ट्रैफिक चालान स्कैम तेजी से फैल रहा है. साइबर ठग नकली चालान और लिंक भेजकर यूजर्स से पैसे ठगने और उनकी निजी जानकारी चुराने की कोशिश कर रहे हैं. विशेषज्ञों और सरकारी विभागों ने चेतावनी दी है कि व्हाट्सऐप पर कभी भी आधिकारिक चालान नहीं भेजे जाते, इसलिए ऐसे मैसेज को नजरअंदाज कर तुरंत रिपोर्ट करें.

WhatsApp Fake Challan Scam: व्हाट्सऐप पर फर्जी ट्रैफिक चालान भेजकर ठगी का नया मामला सामने आया है. हाल के दिनों में कई यूजर्स ने शिकायत की कि उन्हें खुद को ट्रैफिक विभाग का अधिकारी बताने वाले फ्रॉडस्टर्स ने मैसेज भेजकर रेड लाइट जंप का हवाला देकर 1,000 रुपये का नकली चालान थोपने की कोशिश की. इस स्कैम में भेजी गई लिंक पर क्लिक करते ही यूजर्स फिशिंग साइट पर पहुंच जाते हैं, जहां उनकी निजी और बैंकिंग जानकारी चोरी हो सकती है. सरकार और साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों ने लोगों से ऐसे मैसेज से सावधान रहने और चालान संबंधी जानकारी केवल आधिकारिक पोर्टल से ही जांचने की अपील की है.

कैसे पहुंच रहे हैं फर्जी चालान मैसेज

हाल में कई यूजर्स ने शिकायत की कि उन्हें व्हाट्सऐप पर रेड लाइट जंप करने का हवाला देकर 1,000 रुपये के फर्जी चालान भेजे गए. इन मैसेज में नकली चालान नंबर और एक लिंक दिया गया, जिसे ओपन करने पर यूजर फिशिंग साइट पर रिडायरेक्ट हो जाता है. ऐसे लिंक मोबाइल या कंप्यूटर में मालवेयर इंस्टॉल कर सकते हैं और बैंकिंग डिटेल समेत संवेदनशील डेटा चुरा सकते हैं.

फ्रॉडस्टर न सिर्फ भुगतान मांग रहे हैं बल्कि कानूनी कार्रवाई की धमकी भी दे रहे हैं ताकि लोग जल्दबाजी में लिंक पर क्लिक कर दें. साइबर अपराधी इस तरह के दबाव भरे संदेश भेजकर लोगों को जाल में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं, इसलिए सतर्कता बेहद जरूरी है.

WhatsApp पर फर्जी चालान मैसेज से सावधान, एक क्लिक में हो सकता है बड़ा नुकसान

सरकार और ट्रैफिक विभाग ने दी चेतावनी

सरकारी विभागों ने साफ किया है कि mParivahan ऐप या परिवहन विभाग व्हाट्सऐप पर चालान नहीं भेजते. ट्रैफिक चालान की जानकारी केवल आधिकारिक पोर्टल या SMS के माध्यम से साझा की जाती है. ऐसे मैसेज मिलने पर यूजर्स को लिंक न खोलने और भेजने वाले नंबर को रिपोर्ट-ब्लॉक करने की सलाह दी गई है.

विशेषज्ञों ने कहा कि व्हाट्सऐप पर मिलने वाले किसी भी भुगतान लिंक या ऐप डाउनलोड अनुरोध से बचें. यदि आपको लगता है कि चालान लगा होगा तो आधिकारिक पोर्टल या ऐप पर लॉगिन कर उसे वेरिफाई करें. सुरक्षा के लिए दो-स्टेप वेरिफिकेशन और एंटी-वायरस का इस्तेमाल जरूरी बताया गया है.

व्हाट्सऐप पर ट्रैफिक चालान स्कैम तेजी से बढ़ रहा है और साइबर अपराधी लोगों की लापरवाही का फायदा उठा रहे हैं. असुरक्षित लिंक पर क्लिक करना भारी नुकसान का कारण बन सकता है. सतर्क रहें, किसी भी संदिग्ध मैसेज को नजरअंदाज करें और चालान की जांच हमेशा आधिकारिक वेबसाइट पर करें. अपनी डिजिटल सुरक्षा को लेकर सजग रहना ही सबसे बड़ा बचाव है.

Leave a comment