ATM तोड़ने की कोशिश में पकड़ा गया रेप आरोपी, यूट्यूब से सीखा था तरीका

ATM तोड़ने की कोशिश में पकड़ा गया रेप आरोपी, यूट्यूब से सीखा था तरीका

जयपुर में यूट्यूब देखकर एटीएम तोड़ने की कोशिश कर रहे रेप आरोपी को पुलिस ने 700 मीटर पीछा कर गिरफ्तार किया। आरोपी के मोबाइल में वारदात से जुड़े वीडियो मिले हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Jaipur: जयपुर के नांगल जैसा बोहरा इलाके में रविवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक एटीएम तोड़ने की कोशिश करता पकड़ा गया। आरोपी पत्थर और दो पेचकस लेकर एटीएम के भीतर घुसा और मशीन के ऊपरी हिस्से को नुकसान पहुंचाने लगा।

उसी दौरान इलाके में गश्त कर रही पुलिस टीम की नजर एटीएम में हो रही गतिविधि पर पड़ गई। पुलिस को देखकर आरोपी घबरा गया और मौके से भागने की कोशिश करने लगा।

भागते समय गिरा

पुलिस ने आरोपी का पीछा किया तो कुछ दूरी पर वह सड़क पर गिर गया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया और गाड़ी में बैठाया। हालांकि, मौका पाकर आरोपी ने पुलिस को धक्का दिया और एक बार फिर भागने लगा।

इस बार पुलिस ने करीब 700 मीटर तक उसका पीछा किया। काफी मशक्कत के बाद आरोपी को दोबारा पकड़ लिया गया। इस दौरान पीछा करते समय एक पुलिस कॉन्स्टेबल विष्णु कुमार के पैर में चोट भी आई।

यूट्यूब देखकर सीखा तरीका

खोरा बीसल थाना प्रभारी सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान आशीष (21) पुत्र सुनील के रूप में हुई है, जो मूल रूप से वैशाली, पटना (बिहार) का रहने वाला है। फिलहाल वह नांगल जैसा बोहरा इलाके में किराए से रह रहा था।

पुलिस जांच में आरोपी के मोबाइल से यूट्यूब पर एटीएम तोड़ने के तरीके खोजने की हिस्ट्री मिली है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने मोबाइल पर वीडियो देखकर एटीएम लूटने का तरीका सीखा था। शराब के नशे में उसने वारदात को अंजाम देने की कोशिश की।

पहले से दर्ज हैं गंभीर मामले

पुलिस के अनुसार, आरोपी आशीष के खिलाफ पहले भी गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2021 में श्याम नगर थाने में उसके खिलाफ रेप और पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था।

गश्ती दल के समय पर पहुंचने के कारण आरोपी एटीएम का सेफ नहीं तोड़ पाया और किसी तरह का आर्थिक नुकसान होने से बच गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है।

Leave a comment