आगरा के अछनेरा और गोबरा गांव में चोरों ने चार घरों को निशाना बनाया। दो भाइयों के घरों से लाखों के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी हुई। पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच कर चोरों की तलाश में जुटी है।
आगरा: अछनेरा थाना क्षेत्र के नगला जाहरिया और गोबरा गांव में चोरों ने चार घरों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। नगला जाहरिया में दो भाइयों के घरों से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी हुई। दोनों घरों से करीब 30 से 35 लाख रुपये के सामान की चोरी का अनुमान है। पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर जांच कर रही है।
नगला जाहरिया में दो भाइयों के घरों में चोरी
अछनेरा थाना क्षेत्र के नगला जाहरिया गांव में बुधवार रात चोरों ने दो भाइयों के घरों को निशाना बनाया। चोर दोनों घरों से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
नारायण सिंह पुत्र बिजेंद्र सिंह के घर से चोर दो सोने की लड़, टीका, झुमकी, नथ, चार चूड़ियां, हार, चार अंगूठियां, मंगलसूत्र, दो चांदी की कोंदनी और दो जोड़ी तोड़ियां समेत अन्य सामान ले गए। इसके अलावा करीब 10 हजार रुपये नकद भी चोरी हुए।
छत के रास्ते घर में दाखिल हुए चोर
नारायण सिंह की पत्नी उर्मिला के मुताबिक, परिवार के लोग रात में आंगन में सो रहे थे। इसी दौरान चोर छत के रास्ते कमरे में दाखिल हुए और अंदर से कुंडी लगा दी। इसके बाद उन्होंने घर में रखे सामान पर हाथ साफ कर दिया।
परिजनों ने बताया कि चोरी हुआ अधिकांश सामान बेटे और बेटी की नवंबर में होने वाली शादी के लिए जुटाकर रखा गया था। घटना के बाद परिवार को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है।
बड़े भाई के घर से भी आभूषण और नकदी चोरी
नारायण सिंह के बड़े भाई बबलू पुत्र रनवीर सिंह के घर में भी चोरों ने धावा बोला। यहां से दो मंगलसूत्र, दो जोड़ी झुमकी, चार अंगूठियां, तीन जोड़ी तोड़ियां और दो कोंदनी चोरी की गईं। चोर घर से करीब 20 हजार रुपये नकद भी ले गए।
परिजनों के अनुसार, चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और गेट का ताला तोड़ दिया। इसके बाद गोदरेज की अलमारी तोड़कर उसमें रखा सामान चोरी कर लिया। दोनों भाइयों के घरों से कुल करीब 30 से 35 लाख रुपये की चोरी का अनुमान लगाया जा रहा है।
गोबरा गांव में भी दो घरों को बनाया निशाना
इसी दौरान गोबरा गांव में भी चोरों ने रोहताश और उसकी भाभी के घर को निशाना बनाया। यहां चोर ताला तोड़कर घर में दाखिल हुए और सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान की कीमत का अभी अनुमान लगाया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी विजय चंदेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से जांच की है। पुलिस आसपास के इलाके में चोरों की तलाश कर रही है और घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।








