मॉनसून की वापसी के साथ ही दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान समेत कई राज्यों में गर्मी और उमस ने आम लोगों को परेशान कर दिया है। ऐसे में भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी की है कि उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में भारी से भारी बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है।
Weather Update: मॉनसून की वापसी के बाद दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और अन्य हिस्सों में गर्मी ने आम लोगों को परेशान किया था, लेकिन अब भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर-पश्चिम भारत में भारी बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, तीव्र पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले पांच दिनों में कई राज्यों में मौसम के बदलाव की संभावना है।
उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश और ओलावृष्टि
IMD ने चेतावनी दी है कि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और पंजाब में अत्यधिक बारिश होने की संभावना है। वहीं उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली-एनसीआर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि और गरज-चमक हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 8 अक्टूबर से अगले दो दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में 4-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। इसका असर दिल्ली-एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों के मौसम पर स्पष्ट दिखाई देगा।
IMD के ताजा अपडेट के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है, जबकि अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ। 7 अक्टूबर को यहां बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश और बिहार में मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश के लिए भी अगले दो दिनों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। विभाग का कहना है कि पश्चिमी यूपी में पूर्वी यूपी की तुलना में अधिक बारिश हो सकती है। 7 अक्टूबर के बाद वर्षा की तीव्रता में कमी आएगी, जबकि 8 अक्टूबर से पश्चिमी और 9 अक्टूबर से पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम फिर से सामान्य और शुष्क होने की संभावना है।
बिहार में अगले 2-3 दिनों तक कई हिस्सों में बिजली गिरने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। पूर्वोत्तर बिहार और आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे खड़ी फसलों के खेतों से अतिरिक्त पानी की निकासी सुनिश्चित करें।
राजस्थान में बारिश और ओलावृष्टि
पश्चिमी राजस्थान में कई जगहों पर ओलावृष्टि और भारी बारिश दर्ज की गई है। पूर्वी राजस्थान में भी गरज-चमक के साथ भारी वर्षा जारी रहने की संभावना है। IMD के अनुसार, मॉनसून की वापसी की प्रक्रिया अगले 3-4 दिनों में और आगे बढ़ेगी। पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले पांच दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। वहीं, दक्षिण भारत के तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में भी 10 अक्टूबर तक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
IMD ने मछुआरों को सलाह दी है कि वे 7 अक्टूबर तक पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम अरब सागर में समुद्री गतिविधियों से बचें, क्योंकि वहां ऊंची लहरों और तेज हवाओं का खतरा है।