ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को सीमित कर केवल मित्र देशों के लिए खुला रखा है। इससे वैश्विक तेल सप्लाई प्रभावित होने की आशंका बढ़ी और बाजार में अनिश्चितता गहरा गई है।
Strait of Hormuz: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने दुनिया के सबसे अहम समुद्री मार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर बड़ा फैसला लिया है। ईरान ने इस मार्ग को पूरी तरह बंद नहीं किया है, लेकिन इसे केवल अपने ‘दोस्त देशों’ के लिए सीमित कर दिया है। इस फैसले के बाद वैश्विक स्तर पर हलचल तेज हो गई है, क्योंकि यह रास्ता तेल और गैस सप्लाई के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।
किन देशों को मिली राहत
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने साफ किया है कि भारत, चीन, रूस, इराक और पाकिस्तान जैसे देशों के जहाज सुरक्षित रूप से होर्मुज से गुजर सकते हैं। इन देशों को ईरान ने अपने मित्र देशों की सूची में रखा है, इसलिए इनके लिए यह मार्ग खुला रखा गया है, जबकि विरोधी देशों के लिए यह रास्ता बंद कर दिया गया है।
परमिशन लेकर ही गुजर पाएंगे जहाज
ईरान ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि अब कोई भी गैर-विरोधी देश सीधे इस मार्ग से नहीं गुजर सकता। इसके लिए पहले ईरानी अधिकारियों से अनुमति लेना जरूरी होगा। ईरान की डिफेंस काउंसिल ने नए नियम लागू करते हुए कहा है कि सुरक्षा नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा, तभी जहाजों को सुरक्षित रास्ता दिया जाएगा।
वैश्विक सप्लाई पर दिखने लगा असर
![]()
इस फैसले का असर अब दुनिया भर में दिखाई देने लगा है। संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने चिंता जताते हुए कहा कि होर्मुज में रुकावट के कारण तेल, गैस और खाद की सप्लाई प्रभावित हो रही है। इससे ईंधन की कीमतें बढ़ रही हैं और कई देशों की अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ रहा है।
अमेरिका और इजरायल को चेतावनी
संयुक्त राष्ट्र ने संयुक्त राज्य अमेरिका और इजरायल को भी साफ संदेश दिया है कि अब युद्ध को खत्म करने की दिशा में कदम उठाने चाहिए। लगातार बढ़ते संघर्ष से पूरी दुनिया प्रभावित हो रही है और हालात और बिगड़ सकते हैं।
20 फीसदी तेल सप्लाई पर संकट
होर्मुज जलडमरूमध्य से दुनिया का करीब 20 फीसदी तेल और गैस गुजरता है। ऐसे में इस मार्ग पर नियंत्रण या पाबंदी का असर सीधे वैश्विक बाजार पर पड़ता है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर यह स्थिति लंबी चली, तो तेल की कीमतों में और तेजी आ सकती है और ऊर्जा संकट गहरा सकता है।
इस बीच ईरान ने अमेरिका समर्थित शांति प्रस्ताव को भी खारिज कर दिया है। वहीं डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि बातचीत जारी है और ईरान समझौते के लिए तैयार है, लेकिन ईरान की ओर से इस पर कोई स्पष्ट सहमति नहीं दिखाई गई है।











