EL Mencho Net Worth: कितना अमीर था दुनिया का कुख्यात ड्रग लॉर्ड, अब कौन होगा वारिस? जानें सबकुछ

मेक्सिको के कुख्यात ड्रग सरगना एल मेंचो की मौत के बाद उनकी अरबों की संपत्ति और संभावित उत्तराधिकारी को लेकर चर्चाएं तेज हैं। सरकार की भूमिका पर उठे बड़े सवाल।

मेक्सिको के कुख्यात ड्रग सरगना Nemesio Oseguera Cervantes उर्फ एल मेंचो की मौत के बाद उनकी अरबों की संपत्ति और उत्तराधिकारी को लेकर चर्चा तेज है। कार्टेल नेटवर्क, परिवार और सरकार की कार्रवाई पर सबकी नजर टिकी है।

EL Mencho: मेक्सिको के सबसे खतरनाक ड्रग लॉर्ड नेमेसियो रुबेन ओसेगुएरा सर्वेंटेस उर्फ एल मेंचो की मौत के बाद पूरी दुनिया की नजर अब उनकी दौलत और परिवार पर टिक गई है। जलिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल यानी Jalisco New Generation Cartel के सरगना रहे एल मेंचो को मेक्सिकन सेना के ऑपरेशन में मार गिराया गया। उनकी मौत के बाद जहां देश के कई हिस्सों में हिंसा भड़क उठी, वहीं अब सबसे बड़ा सवाल उनकी संपत्ति और उत्तराधिकारी को लेकर उठ रहा है।

EL Mencho Net Worth: कितनी थी दौलत?

एल मेंचो की असली नेट वर्थ का सटीक आंकड़ा कभी सार्वजनिक नहीं हुआ, क्योंकि उनकी कमाई पूरी तरह अवैध कारोबार से जुड़ी थी। फिर भी अमेरिकी एजेंसी Drug Enforcement Administration ने 2019 में अनुमान लगाया था कि उनकी संपत्ति कम से कम 500 मिलियन डॉलर यानी करीब 4,200 करोड़ रुपये हो सकती है। एजेंसी के अधिकारियों ने यह भी माना था कि यह आंकड़ा 1 बिलियन डॉलर यानी लगभग 8,400 करोड़ रुपये से ज्यादा भी हो सकता है।

CJNG का नेटवर्क केवल ड्रग तस्करी तक सीमित नहीं था। रियल एस्टेट, वैध बिजनेस, शेल कंपनियों और मनी लॉन्ड्रिंग के जरिए अरबों डॉलर की संपत्ति अलग-अलग नामों से छिपाई गई थी। मेक्सिकन सरकार के अनुसार कार्टेल की कुल संपत्ति 50 अरब डॉलर के आसपास हो सकती है।

एल मेंचो की मौत के बाद अब यह सवाल खड़ा हो गया है कि इतनी बड़ी संपत्ति का क्या होगा। क्या सरकार इसे जब्त करेगी या कार्टेल के भीतर ही इसका बंटवारा होगा।

रोसलिंडा गोंजालेज वैलेंसिया कौन हैं?

एल मेंचो की पत्नी रोसलिंडा गोंजालेज वैलेंसिया, जिन्हें ‘ला जेफा’ भी कहा जाता था, कार्टेल के आर्थिक तंत्र का अहम हिस्सा मानी जाती थीं। वह CJNG के फाइनेंशियल विंग ‘लॉस क्विनिस’ से जुड़ी थीं।

EL Mencho Net Worth: कितना अमीर था दुनिया का कुख्यात ड्रग लॉर्ड, अब कौन होगा वारिस? जानें सबकुछ

दोनों की शादी 1996 में हुई थी, लेकिन 2018 में वे कानूनी रूप से अलग हो गए। रोसलिंडा पर मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप लगे। 2018 में उन्हें गिरफ्तार किया गया, बाद में रिहा कर दिया गया। 2023 में उन्हें पांच साल की सजा सुनाई गई, लेकिन अच्छे व्यवहार के आधार पर जनवरी 2025 में रिहा कर दिया गया।

एल मेंचो की मौत के समय वह जेल से बाहर थीं। फिलहाल उनकी सटीक लोकेशन को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। एल मेंचो और रोसलिंडा के तीन बच्चे हैं, जिनमें से हर एक किसी न किसी रूप में कार्टेल से जुड़ा रहा है।

सबसे बड़े बेटे रुबेन ओसेगुएरा गोंजालेज उर्फ एल मेंचिटो को कार्टेल का दूसरा सबसे ताकतवर व्यक्ति माना जाता था। 2020 में उन्हें अमेरिका प्रत्यर्पित किया गया। 2024 में ड्रग तस्करी और हथियारों के आरोप में दोषी ठहराया गया और मार्च 2025 में उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई गई। फिलहाल वह अमेरिकी जेल में हैं, इसलिए कार्टेल की कमान संभालने की संभावना कम है।

बेटी जेसिका जोहाना ओसेगुएरा गोंजालेज, जिन्हें ‘ला नेग्रा’ के नाम से जाना जाता है, पिता के कुछ बिजनेस जैसे सुशी रेस्तरां और टकीला ब्रांड से जुड़ी रहीं। 2021 में उन्हें अमेरिका में गिरफ्तार किया गया और 30 महीने की सजा हुई। अप्रैल 2022 में उनकी रिहाई हो गई।

सबसे छोटी बेटी लाइशा ओसेगुएरा पर भी कार्टेल से जुड़े होने का शक जताया गया। 2021 में उनके पार्टनर के साथ एक अपहरण मामले में उनका नाम सामने आया था।

कुछ रिपोर्ट्स में रोसलिंडा के पहले रिश्ते से एक सौतेले बेटे जुआन कार्लोस वैलेंसिया गोंजालेज का भी जिक्र है। अमेरिका ने उसकी गिरफ्तारी पर 5 मिलियन डॉलर का इनाम घोषित किया है। उसे संभावित उत्तराधिकारी के रूप में देखा जा रहा है।

EL Mencho Death के बाद क्या होगा?

एल मेंचो की मौत के बाद CJNG के भीतर नेतृत्व को लेकर संघर्ष की आशंका है। कार्टेल की जड़ें मेक्सिको के कई राज्यों में फैली हैं और इसकी संरचना बेहद जटिल मानी जाती है।

सरकार इस नेटवर्क को तोड़ने और संपत्तियों को जब्त करने की कोशिश कर सकती है, लेकिन यह आसान नहीं होगा। कार्टेल के कई सदस्य अब भी सक्रिय हैं और कमान के लिए अंदरूनी संघर्ष की संभावना बनी हुई है। 

Leave a comment