पटना के फुलवारी शरीफ में 30 वर्षीय बाइक मैकेनिक मोहम्मद महताब आलम की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शव खंडहर में मिला। पुलिस ने खोखे बरामद किए हैं और नामजद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
Bihar: यह घटना फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के खलीलपुरा स्थित मिनहाज नगर की है। सोमवार शाम मोहम्मद महताब आलम (30) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसका शव घर के पास ही एक खंडहरनुमा मकान में मिला, जहां कोई नहीं रहता है।
शव के पास माचिस की कुछ डिब्बियां भी पड़ी मिली हैं। पुलिस के अनुसार, मृतक को सिर और कान के पास तीन गोलियां मारी गई थीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
घरवालों ने गोली की आवाज को समझा पटाखा
मृतक के भाई मोहम्मद शकील ने बताया कि घटना के समय पूरा परिवार घर में मौजूद था। इसी दौरान तीन राउंड गोली चलने की आवाज आई।

शकील के अनुसार, “हमें लगा कि किसी ने पटाखा फोड़ा है, इसलिए हमने ध्यान नहीं दिया। कुछ देर बाद गांव का एक व्यक्ति आया और बताया कि मेरे भाई की लाश पास के खंडहर में पड़ी है।” इसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके से तीन खोखे बरामद
सूचना मिलने के बाद फुलवारी शरीफ थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुँची। पुलिस ने मौके से 7.62 बोर के तीन खोखे बरामद किए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतक के भाई ने पुलिस को बयान देते हुए महताब के पांच दोस्तों को नामजद किया है। पुलिस सभी आरोपियों की तलाश में लगी हुई है। हालांकि, हत्या के पीछे का स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है।
पुलिस की जांच जारी
अधिकारियों के मुताबिक, मामले की पूरी पड़ताल की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि महताब को खंडहरनुमा मकान तक कौन ले गया और हत्या से पहले उसका किससे संपर्क हुआ।
थाना पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्याकांड का खुलासा होगा और आरोपी गिरफ्तार होंगे।












