शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना के शानदार अर्धशतकों की बदौलत भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने महिला एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। टीम इंडिया ने फाइनल मुकाबले में दमदार प्रदर्शन करते हुए रिकॉर्ड 8वीं बार ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
Women’s Asia Cup 2026 Final: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने महिला एशिया कप 2026 के फाइनल में श्रीलंका को 72 रन से हराकर इतिहास रच दिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 183 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में श्रीलंका की पूरी टीम 111 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने रिकॉर्ड आठवीं बार महिला एशिया कप का खिताब अपने नाम किया।
भारत की जीत की नींव सलामी बल्लेबाजों शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने रखी। दोनों ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिए 129 रन की शानदार साझेदारी की। शेफाली ने जहां तेज अर्धशतक लगाकर श्रीलंकाई गेंदबाजों पर दबाव बनाया, वहीं मंधाना ने भी शानदार अर्धशतकीय पारी खेली।
शेफाली वर्मा ने खेली तूफानी पारी
टॉस जीतकर भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। ओपनिंग करने उतरीं शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने शुरुआत से ही श्रीलंका पर दबाव बना दिया। शेफाली ने खास तौर पर आक्रामक बल्लेबाजी की और महज 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। यह शेफाली का महिला T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 21वां अर्धशतक रहा।
अपनी तेज पारी के दौरान उन्होंने श्रीलंकाई गेंदबाजों के खिलाफ लगातार बाउंड्री लगाईं। हालांकि, 39 गेंदों में 9 चौके और 2 छक्कों की मदद से 68 रन बनाने के बाद चमुडी प्रबोदा ने उनकी पारी समाप्त कर दी। शेफाली की पारी ने भारत को शुरुआती ओवरों में तेज रन गति प्रदान की और टीम बड़े स्कोर की ओर बढ़ गई।
स्मृति मंधाना ने भी जड़ा अर्धशतक
दूसरे छोर पर स्मृति मंधाना ने शुरुआत में संयम के साथ बल्लेबाजी की, लेकिन क्रीज पर नजरें जमने के बाद उन्होंने भी अपने शॉट्स का खुलकर इस्तेमाल किया। मंधाना ने 34 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 39 गेंदों पर 59 रन बनाए। मंधाना और शेफाली के बीच हुई 129 रन की साझेदारी भारत की पारी का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा रही। इस साझेदारी ने टीम को मजबूत शुरुआत दी और भारत को 180 रन के पार पहुंचने की नींव तैयार की।

मंधाना-शेफाली की रिकॉर्ड साझेदारी
शेफाली और मंधाना की 129 रन की साझेदारी ने महिला T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भी खास उपलब्धि हासिल की। दोनों के बीच यह छठी शतकीय साझेदारी रही। महिला T20I में किसी भी विकेट के लिए छह शतकीय साझेदारी करने वाली यह जोड़ी दुनिया की शीर्ष जोड़ियों में शामिल हो गई है। महिला एशिया कप में भी दोनों ने सबसे बड़ी साझेदारी का नया रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले यह रिकॉर्ड जेमिमा रोड्रिग्स और दीप्ति शर्मा के नाम था, जिन्होंने 2022 में यूएई के खिलाफ 128 रन जोड़े थे।
भारतीय मिडिल ऑर्डर फिर नहीं चला
ओपनर्स की शानदार शुरुआत के बावजूद भारत का मध्यक्रम अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सका। कप्तान हरमनप्रीत कौर भी फाइनल में बड़ी पारी नहीं खेल सकीं और 14 रन बनाकर आउट हो गईं। भारत ने 13 ओवर के बाद 130 रन बना लिए थे, लेकिन आखिरी सात ओवर में टीम केवल 53 रन जोड़ सकी और तीन विकेट भी गंवाए। इसके बावजूद शुरुआती बल्लेबाजों की शानदार पारियों की बदौलत भारत 183 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा करने में सफल रहा।
भारतीय स्पिनरों ने श्रीलंका की कमर तोड़ी
184 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत बहुत प्रभावी नहीं रही। क्रांति गौड़ ने इमेशा दुलानी को केवल चार रन के स्कोर पर आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद कप्तान चमारी अटापट्टू और विश्मी गुणारत्ने ने पारी संभालने की कोशिश की। पावरप्ले के अंत तक श्रीलंका एक विकेट पर 38 रन ही बना सका। भारतीय गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा और मध्य ओवरों में स्पिनरों ने मुकाबले की तस्वीर बदल दी।
दीप्ति शर्मा और श्री चरणी ने मिलकर श्रीलंकाई बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस कर दिया। दोनों ने कुल सात विकेट हासिल किए। दीप्ति ने चार और चरणी ने तीन विकेट चटकाए। क्रांति गौड़, शेफाली वर्मा और प्रेमा रावत को भी एक-एक सफलता मिली। भारतीय गेंदबाजों की शानदार गेंदबाजी के सामने श्रीलंका की पूरी टीम 111 रन पर ऑलआउट हो गई और भारत ने मुकाबला 72 रन से जीत लिया।










