भारत-बांग्लादेश क्रिकेट सीरीज पर फिर मंडराया संकट, BCB अध्यक्ष तमीम इकबाल के बयान से बढ़ा सस्पेंस

भारत-बांग्लादेश क्रिकेट सीरीज पर एक बार फिर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। BCB अध्यक्ष तमीम इकबाल के बयान के बाद सीरीज के आयोजन को लेकर सस्पेंस बढ़ गया है।

भारतीय क्रिकेट टीम का बांग्लादेश दौरा एक बार फिर टलने की संभावना जताई जा रही है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष तमीम इकबाल ने संकेत दिए हैं कि इस सीरीज को लेकर BCCI और BCB के बीच बातचीत जारी है।

India vs Bangladesh Series 2026: भारत के आगामी बांग्लादेश दौरे को लेकर एक बार फिर अनिश्चितता बढ़ गई है। BCB अध्यक्ष तमीम इकबाल ने संकेत दिए हैं कि दोनों क्रिकेट बोर्ड सीरीज की तारीखों और कार्यक्रम को लेकर बातचीत कर रहे हैं। ऐसे में सितंबर 2026 में होने वाली भारत-बांग्लादेश सीरीज के तय समय पर आयोजित होने पर सवाल उठने लगे हैं।

भारतीय क्रिकेट टीम को अगले महीने बांग्लादेश का दौरा करना है। प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक दोनों टीमों के बीच तीन वनडे और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जाने हैं। हालांकि, दौरे को लेकर अभी तक भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष तमीम इकबाल के बयान ने इस पूरे मामले को और दिलचस्प बना दिया है।

3 सितंबर से शुरू होना है दौरा

BCB की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार भारत और बांग्लादेश के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 3 सितंबर 2026 को खेला जाना प्रस्तावित है। इसके बाद दोनों टीमों के बीच दो और वनडे तथा तीन टी20 मैच खेले जाने हैं। हालांकि, फिलहाल इस सीरीज का अंतिम कार्यक्रम स्पष्ट नहीं है। बांग्लादेश में क्रिकेट से जुड़े एक अन्य टूर्नामेंट का शेड्यूल जारी होने के बाद भारत के दौरे को लेकर नई अटकलें शुरू हो गई हैं।

तमीम इकबाल ने क्या कहा?

ढाका में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान तमीम इकबाल से जब भारत के दौरे को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि दोनों बोर्ड इस सीरीज पर लगातार बातचीत कर रहे हैं। उनके मुताबिक कार्यक्रम में कुछ बदलाव संभव है। तमीम ने संकेत दिया कि भारत-बांग्लादेश सीरीज की तारीखें तय होने के बाद बांग्लादेश में होने वाले अन्य घरेलू टूर्नामेंट के कार्यक्रम में भी जरूरत के अनुसार बदलाव किया जा सकता है। इससे साफ है कि BCB अभी भारत के दौरे को लेकर अंतिम स्थिति का इंतजार कर रहा है।

भारत का यह दौरा पहले भी टाला जा चुका है। इसे मूल रूप से अगस्त 2025 में आयोजित किया जाना था, लेकिन बाद में कार्यक्रम में बदलाव किया गया। इसके बाद सितंबर 2026 में तीन वनडे और तीन टी20 मैचों के लिए दौरा प्रस्तावित किया गया। इस सीरीज को लेकर दोनों देशों के क्रिकेट प्रशंसकों में काफी उत्सुकता है, लेकिन सुरक्षा और राजनीतिक परिस्थितियों के कारण कार्यक्रम को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।

BCCI और BCB के रिश्तों में आया था तनाव

भारत-बांग्लादेश क्रिकेट संबंधों में पिछले कुछ समय में तनाव भी देखने को मिला था। आईपीएल 2026 के दौरान बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को लेकर विवाद सामने आया था। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से उनके बाहर होने के बाद दोनों क्रिकेट बोर्ड के बीच रिश्तों को लेकर कई तरह की चर्चाएं हुई थीं।

इसके बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में आयोजित टी20 विश्व कप में अपनी भागीदारी को लेकर भी कड़ा रुख अपनाया था। हालांकि, तमीम इकबाल के BCB अध्यक्ष बनने के बाद दोनों बोर्डों के बीच संवाद बेहतर होने के संकेत मिले हैं।

Leave a comment