दक्षिण अफ्रीका की अध्यक्षता में आयोजित हो रहे G-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को जोहान्सबर्ग पहुंचे। एयरफोर्स बेस वाटरलूफ (AFB वाटरलूफ) पर उनका पारंपरिक तरीके से, वैदिक मंत्रोच्चार और सम्मान गार्ड के साथ स्वागत किया गया।
जोहान्सबर्ग: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को दक्षिण अफ्रीका की अध्यक्षता में हो रहे जी-20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए जोहान्सबर्ग पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। गौतेंग स्थित वाटरलूफ वायु सैनिक अड्डे पर दक्षिण अफ्रीकी वायु सेना ने उन्हें रेड कार्पेट समारोह के साथ सलामी दी। शिखर सम्मेलन से इतर विश्व नेताओं के साथ होने वाली मुलाकातों के बारे में पीएम मोदी ने उम्मीद जताई कि प्रमुख वैश्विक मुद्दों पर सार्थक और रचनात्मक चर्चा होगी, जिससे वैश्विक सहयोग और साझेदारी को नई दिशा मिल सकेगी।
जोहान्सबर्ग में मोदी, पुतिन और जिनपिंग के पोस्टर्स से सजा शहर
G-20 शिखर सम्मेलन के मद्देनज़र जोहान्सबर्ग की सड़कों को विभिन्न देशों के नेताओं के पोस्टरों से सजाया गया है। शहर के प्रमुख स्थानों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन, और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की तस्वीरों वाले बड़े-बड़े होर्डिंग लगाए गए हैं। हालांकि, चीन के राष्ट्रपति और अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस बार सम्मेलन में हिस्सा नहीं ले रहे हैं, फिर भी उनकी मौजूदगी पोस्टरों पर प्रतीकात्मक रूप से दिख रही है।
दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति भवन में पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत मंत्री खुम्बुद्जो एनत्शावेनी ने किया। एक विशेष सांस्कृतिक दल ने पारंपरिक गीतों और नृत्यों के माध्यम से भारतीय प्रधानमंत्री का अभिवादन किया।
प्रमुख वैश्विक मुद्दों पर सार्थक चर्चा की उम्मीद - पीएम मोदी
![]()
जोहान्सबर्ग पहुंचते ही प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर एक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा,
'G-20 शिखर सम्मेलन से जुड़े कार्यक्रमों के लिए दक्षिण अफ्रीका पहुंचकर प्रसन्नता हो रही है। मैं विश्व नेताओं के साथ प्रमुख वैश्विक मुद्दों पर सार्थक चर्चाओं की उम्मीद करता हूं। हमारा लक्ष्य वैश्विक सहयोग को मजबूत करना और विकास को नई गति देना है।”
उनकी यह यात्रा भारत की ग्लोबल साउथ की आवाज़ बनने की नीति को और गति देती है। भारत ने अपनी G-20 अध्यक्षता के दौरान अफ्रीकी संघ को संगठन की स्थायी सदस्यता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसीलिए अफ्रीका में पहली बार हो रहे G-20 सम्मेलन का प्रतीकात्मक महत्व और बढ़ गया है।'
जब प्रधानमंत्री मोदी अपने होटल पहुंचे, तो बच्चों के एक समूह ने गणपति प्रार्थना और शांति मंत्र का पाठ किया। यह दृश्य वहां मौजूद भारतीय समुदाय और स्थानीय नागरिकों दोनों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बन गया। भारतीय राज्यों—बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान—की सांस्कृतिक झलक दिखाते हुए कलाकारों ने नृत्य प्रस्तुत किए।
मोदी ने कार्यक्रम में शामिल बच्चों और कलाकारों से बातचीत की और समुदाय द्वारा दिए गए स्वागत से अभिभूत नजर आए। उन्होंने कहा, जोहान्सबर्ग में भारतीय समुदाय का स्नेह मुझे गहराई से छू गया। यह भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच सदियों पुराने संबंधों की मजबूती को दर्शाता है।
द्विपक्षीय बैठकों और IBSA शिखर सम्मेलन में भी लेंगे हिस्सा
G-20 के औपचारिक कार्यक्रमों के अलावा प्रधानमंत्री मोदी कई विश्व नेताओं के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे। इसके साथ ही वे भारत, ब्राज़ील और दक्षिण अफ्रीका के त्रिपक्षीय समूह IBSA के छठे शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब दुनिया जलवायु परिवर्तन, वैश्विक मंदी, भू-राजनीतिक तनाव और विकासशील देशों की चुनौतियों से जूझ रही है। भारत की भूमिका इन सभी मुद्दों पर एक सेतु के रूप में उभरकर सामने आई है।











