गुरुग्राम में दहेज विवाद ने एक प्रेम विवाह को खौफनाक मोड़ दे दिया, जहां रेडियोलॉजिस्ट पति पर पत्नी की हत्या का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले में जहरीले इंजेक्शन से हत्या की आशंका और विसरा रिपोर्ट का इंतजार जारी है।
Gurugram Dowry Murder Case: हरियाणा के गुरुग्राम में एक नर्स की संदिग्ध मौत के मामले में उसके पति, जो पेशे से रेडियोलॉजिस्ट है, को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह घटना 17-18 मार्च के बीच सामने आई, जब दंपति के बीच विवाद के बाद महिला बेहोश मिली और अस्पताल में मृत घोषित कर दी गई। परिवार ने दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस जांच में जहरीले इंजेक्शन से हत्या की बात सामने आई है। मामले की सच्चाई के लिए अब विसरा रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
प्यार से शादी, फिर दहेज को लेकर विवाद
पुलिस के अनुसार, आरोपी अरुण शर्मा और मृतका काजल की मुलाकात एक नर्सिंग होम में हुई थी, जहां दोनों काम करते थे। दोस्ती धीरे-धीरे रिश्ते में बदली और परिवार की सहमति से दोनों ने नवंबर 2025 में शादी कर ली।
परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही अरुण का व्यवहार बदल गया। वह काजल से पैसों की मांग करने लगा और दहेज को लेकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था, जिससे घर में लगातार तनाव बना रहता था।

झगड़े के बाद संदिग्ध हालात में मौत
घटना से पहले 17 मार्च को दोनों के बीच गंभीर विवाद हुआ था, जिसमें आरोपी ने कथित तौर पर काजल के साथ मारपीट की। अगले दिन फिर से बहस हुई, जिसके बाद काजल बेहोश हालत में मिली और उसकी नाक से खून बह रहा था।
परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में घर के शौचालय से एक सिरिंज मिलने पर शक गहराया कि हत्या के लिए जहरीले इंजेक्शन का इस्तेमाल किया गया है।
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने आरोपी को रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया, जहां से वह फरार होने की कोशिश कर रहा था। पूछताछ के दौरान उसने जहरीला इंजेक्शन देने की बात स्वीकार की है।
सेक्टर-10 थाना पुलिस ने आरोपी को तीन दिन की रिमांड पर लिया है। डॉक्टरों के मुताबिक, मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि के लिए विसरा जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद केस में और तथ्य सामने आ सकते हैं।











