भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा इन दिनों क्रिकेट के मैदान से दूर टीवी की दुनिया में नई पारी शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं। रोहित जल्द ही शो 'फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा' को होस्ट करते नजर आएंगे।
स्पोर्ट्स न्यूज़: भारतीय क्रिकेट के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा इन दिनों मैदान से ज्यादा एक नए टेलीविजन प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा में हैं। हालांकि, उनके हालिया प्रोमो वीडियो में पहनी गई एक टी-शर्ट ने क्रिकेट फैंस का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। सफेद रंग की इस टी-शर्ट पर अंग्रेजी में ‘Non-Committal’ लिखा था। इसके बाद सोशल मीडिया पर फैंस ने इसे रोहित शर्मा के 2027 वनडे विश्व कप से जुड़े भविष्य और भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के पुराने बयान से जोड़ना शुरू कर दिया।
रोहित शर्मा फिलहाल क्रिकेट के मैदान से दूर हैं और मनोरंजन की दुनिया में नई भूमिका की तैयारी कर रहे हैं। वह जल्द ही ‘फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा’ नाम के शो को होस्ट करते दिखाई देंगे। शो के प्रोमो और शूटिंग से जुड़े वीडियो लगातार सामने आ रहे हैं। इसी दौरान सामने आए एक वीडियो में रोहित की टी-शर्ट ने पूरी चर्चा को क्रिकेट की ओर मोड़ दिया।
शूटिंग के दौरान रोहित का अलग अंदाज
वीडियो में रोहित शर्मा अपने परिचित बेफिक्र और मजाकिया अंदाज में नजर आते हैं। वह शूटिंग के दौरान बार-बार री-टेक कराए जाने की बात करते दिखाई देते हैं। इसके बाद वह दर्शकों से शो देखने की अपील करते हैं और शूटिंग खत्म होने पर पैक-अप का ऐलान भी करते हैं। वीडियो भले ही मनोरंजन से जुड़ा था, लेकिन कैमरे में दिखाई दे रही रोहित की टी-शर्ट ने क्रिकेट प्रशंसकों की दिलचस्पी बढ़ा दी।
टी-शर्ट पर लिखा ‘Non-Committal’ शब्द सामने आते ही सोशल मीडिया पर इस बात को लेकर चर्चा शुरू हो गई कि क्या यह रोहित की ओर से उनके क्रिकेट भविष्य को लेकर किसी तरह का संकेत है। हालांकि, इस बात का कोई आधिकारिक प्रमाण नहीं है कि रोहित ने यह टी-शर्ट किसी खास क्रिकेट मुद्दे को ध्यान में रखकर पहनी थी।

Ajit Agarkar के पुराने बयान से क्यों जुड़ा मामला?
फैंस की चर्चा का सबसे बड़ा कारण भारतीय टीम के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर का वह पुराना बयान है, जिसमें रोहित शर्मा और विराट कोहली के 2027 वनडे विश्व कप में खेलने को लेकर स्थिति को लेकर सवाल उठे थे। अगरकर के बयान के बाद रोहित के अगले वनडे विश्व कप में खेलने की संभावनाओं को लेकर लगातार चर्चा होती रही है। ऐसे में ‘Non-Committal’ यानी किसी फैसले पर स्पष्ट प्रतिबद्धता नहीं जताने वाला शब्द फैंस को उसी बहस की याद दिला रहा है।
सोशल मीडिया पर कुछ प्रशंसकों ने इसे अगरकर के बयान का संभावित जवाब बताया, जबकि कुछ लोगों का मानना है कि टी-शर्ट का क्रिकेट से कोई लेना-देना नहीं है। रोहित शर्मा की ओर से भी अब तक ऐसा कोई बयान नहीं आया है, जिसमें उन्होंने कहा हो कि टी-शर्ट पर लिखा संदेश अगरकर या 2027 विश्व कप को लेकर था।
2027 वनडे विश्व कप पर क्या बोले थे रोहित?
रोहित शर्मा के अंतरराष्ट्रीय करियर के अगले चरण को लेकर अटकलें पहले से जारी हैं। हाल ही में मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम में एक प्रशंसक ने उनसे सीधे पूछा था कि क्या वह अक्टूबर 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप में भारतीय टीम का हिस्सा होंगे। इस सवाल पर रोहित ने संक्षिप्त जवाब देते हुए कहा था कि अक्टूबर 2027 अभी काफी दूर है और उस समय देखा जाएगा। उनके इस जवाब से यह स्पष्ट नहीं हुआ कि वह अगले विश्व कप में खेलने के इच्छुक हैं या नहीं। इसके बाद एक बार फिर उनके भविष्य को लेकर चर्चा तेज हो गई।











