रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर मिसाइल और ड्रोन से बड़ा हमला किया। 3 लोगों की मौत और 12 घायल हुए। 20 से ज्यादा इलाके प्रभावित। यूक्रेन ने अंतरराष्ट्रीय मदद और रूस पर सख्त प्रतिबंध की मांग की।
Russia-Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच चल रहा युद्ध थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक बार फिर रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर बड़ा हमला किया है। इस हमले में ड्रोन और मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया। कीव के कई इलाके तबाह हो गए। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक इस हमले में कम से कम 3 लोगों की मौत हुई है जबकि 12 लोग घायल हो गए हैं। मृतकों में 14 वर्षीय किशोर भी शामिल है।
कीव पर सीधा हमला
यूक्रेन के अधिकारियों ने जानकारी दी कि रूस ने कीव के आवासीय इलाकों को निशाना बनाया। मिसाइलों से हुए धमाकों के बाद इमारतें मलबे में बदल गईं। बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर मलबे में फंसे लोगों को निकालने का काम शुरू किया। कीव के शहरी प्रशासन प्रमुख तैमूर त्काचेंको ने कहा कि इस हमले में एक रिहायशी इमारत पर सीधा वार किया गया। उन्होंने बताया, "सबकुछ नष्ट हो गया है। लोग मलबे में दबे हैं।"
20 से ज्यादा इलाके प्रभावित
स्थानीय प्रशासन के अनुसार इस हमले से 20 से अधिक इलाके प्रभावित हुए हैं। कीव के कई हिस्सों में बिजली और पानी की सप्लाई बाधित हो गई है। बचाव कार्य लगातार जारी है। रेस्क्यू टीम ने अब तक दर्जनों लोगों को सुरक्षित निकाला है। अस्पतालों में घायलों का इलाज चल रहा है।
अलास्का में शांति वार्ता के बाद हुआ पहला बड़ा हमला
यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब इस महीने की शुरुआत में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की अलास्का में मुलाकात हुई थी। उस समय दोनों नेताओं ने युद्ध को खत्म करने पर चर्चा की थी। लेकिन इस हमले ने दिखा दिया कि शांति की कोशिशें अभी भी नाकाम हैं।
रूसी सेना ने कई गांवों पर किया कब्जा
यूक्रेन के डोनेस्क प्रांत से खबर आई है कि रूसी सेना ने निप्रोपेट्रोव्स्क क्षेत्र के कई गांवों पर कब्जा कर लिया है। यह इलाका यूक्रेन का एक बड़ा औद्योगिक क्षेत्र है। युद्ध की शुरुआत से अब तक रूस ने इस इलाके में लगातार बढ़त बनाई है।
रूस और यूक्रेन की सेनाओं के बीच भीषण लड़ाई जारी है। डोनेस्क के कई मोर्चों पर दोनों देशों की सेनाएं आमने-सामने हैं। सैन्य विशेषज्ञों का कहना है कि अगर रूस इस इलाके पर पूरी तरह कब्जा कर लेता है तो यूक्रेन के लिए यह बड़ा झटका होगा।
यूक्रेन की प्रतिक्रिया
यूक्रेन सरकार ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। अधिकारियों ने कहा कि रूस लगातार अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन कर रहा है। यूक्रेन ने दुनिया से अपील की है कि वह रूस पर और सख्त आर्थिक और राजनीतिक प्रतिबंध लगाए।