Columbus

Sikkim Landslide: सिक्किम में भीषण भूस्खलन! सेना के जवानों पर टूटा पहाड़, तीन की मौत और 6 जवान लापता

Sikkim Landslide: सिक्किम में भीषण भूस्खलन! सेना के जवानों पर टूटा पहाड़, तीन की मौत और 6 जवान लापता

सिक्किम में भारी बारिश के चलते आर्मी कैंप पर लैंडस्लाइड से 3 लोगों की मौत हो गई, 6 जवान लापता हैं। 1500 से ज्यादा पर्यटक फंसे हैं। राहत कार्य तेजी से जारी।

Sikkim Landslide: सिक्किम में भारी बारिश के चलते हालात बेहद खराब हो गए हैं। रविवार, 1 जून 2025 को उत्तरी सिक्किम के एक आर्मी कैंप पर हुए भूस्खलन में तीन लोगों की मौत हो गई, जिनमें दो सैनिक शामिल हैं। इस हादसे में छह जवान लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, रविवार शाम करीब 7 बजे उत्तरी सिक्किम के चट्टन क्षेत्र में तेज बारिश के चलते पहाड़ का बड़ा हिस्सा खिसक गया। इससे आर्मी कैंप और आसपास के इलाकों को भारी नुकसान हुआ। मलबे में दबने से तीन लोगों की मौत हुई, जिनमें दो भारतीय सेना के जवान और एक पोर्टर शामिल हैं। हादसे में चार जवान घायल हुए हैं और छह अभी भी लापता हैं।

1500 से ज्यादा पर्यटक भी फंसे

भूस्खलन और बारिश की वजह से सिक्किम के लाचेन और लाचुंग जैसे पर्यटन स्थलों का संपर्क पूरी तरह से टूट गया है। मंगन जिले के एसपी सोनम देचू भूटिया ने बताया कि लाचेन में करीब 115 और लाचुंग में 1350 पर्यटक फंसे हुए हैं। सड़कों के अवरुद्ध होने के कारण इन लोगों को बाहर निकालने का काम भी प्रभावित हो रहा है।

अधिकारियों का कहना है कि बीआरओ की टीमों ने तेजी से राहत कार्य शुरू कर दिया है। लाचुंग के लिए सड़क संपर्क फिर से बहाल कर दिया गया है। मलबा हटाकर रास्तों को खोलने का काम चल रहा है और फंसे हुए पर्यटकों की निकासी का प्रयास किया जा रहा है।

सड़क संपर्क बहाली का काम जारी

बीआरओ ने बताया कि भूस्खलन के बाद लाचुंग-चुंगथांग-शिपजिएरे-शंकलांग-डिकचू रोड को आंशिक रूप से खोल दिया गया है। फिडांग में सस्पेंशन ब्रिज के पास दरारों को भर दिया गया है ताकि निकासी का रास्ता तैयार किया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि पर्यटकों को आज से धीरे-धीरे सुरक्षित निकाला जाएगा।

पिछले हफ्ते भी आई थी बड़ी आपदा

30 मई 2025 को सिक्किम के उत्तरी हिस्से में बादल फटने की घटना हुई थी। इस दौरान 130 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की गई थी। इस आपदा के कारण लाचेन, लाचुंग, गुरुदोंग्मर, द वैली ऑफ फ्लावर्स और जीरो प्वाइंट जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों की ओर जाने वाली सड़कों को भारी नुकसान पहुंचा था। कई पुल और सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई थीं।

बीआरओ के अधिकारियों के अनुसार, डिकु-सिनकलंग-शिपगियर रोड, चुंगथांग-लेशेन-जेमा रोड और चुंगथांग-लाचुंग रोड पर भारी मलबा जमा हो गया है। इन जगहों पर मलबा हटाने और रास्तों को दुरुस्त करने के काम में तेजी लाई जा रही है।

मौसम विभाग का अलर्ट और प्रशासन की तैयारी

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में सिक्किम के पहाड़ी इलाकों में और ज्यादा बारिश होने की चेतावनी जारी की है। प्रशासन की ओर से हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है और राहत कार्यों में तेजी लाई जा रही है। सेना, बीआरओ और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मिलकर राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।

पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील

प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वह अनावश्यक रूप से यात्रा न करें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। आपदा की स्थिति में धैर्य बनाए रखें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

Leave a comment