स्पेन में दो हाई-स्पीड ट्रेनों की भीषण टक्कर, 68 लोगों की मौत; कई डिब्बे पटरी से उतरे, रेल सेवाएं बंद

स्पेन के टोलेडो में दो हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर में 68 लोगों की मौत हो गई। कई यात्री घायल हैं। मैड्रिड-अंदालूसिया रेल सेवा बंद, हादसे की जांच जारी है।

स्पेन के टोलेडो प्रांत में बुधवार सुबह दो हाई-स्पीड ट्रेनें टकरा गईं। हादसे में कम से कम 68 लोगों की मौत हुई है। कई यात्री घायल हैं। टक्कर के बाद डिब्बे पटरी से उतर गए और मैड्रिड-अंदालूसिया रेल मार्ग बंद करना पड़ा।

Spain Train Accident 2026: स्पेन में बुधवार, 28 अक्टूबर को बड़ा रेल हादसा हो गया। टोलेडो प्रांत में एक हाई-स्पीड ट्रेन ने आगे खड़ी दूसरी ट्रेन को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में कम से कम 68 लोगों की मौत हुई है, जबकि बड़ी संख्या में यात्री घायल हुए हैं। दोनों ट्रेनों में कुल 544 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई डिब्बे पटरी से उतर गए और कुछ नीचे ढलान पर जा गिरे। हादसे के बाद मैड्रिड और अंदालूसिया के बीच रेल सेवाएं रोक दी गईं। 

सुबह 8:54 बजे हुआ हादसा, एक ही दिशा में जा रही थीं दोनों ट्रेनें

यह दुर्घटना स्थानीय समय के अनुसार सुबह करीब 8:54 बजे हुई। दोनों ट्रेनें राजधानी मैड्रिड से सेविले की ओर जा रही थीं। हादसा मोरा, ओरगाज और उर्दा कस्बों के बीच हाई-स्पीड रेल लाइन के 118वें किलोमीटर पर हुआ। एक ट्रेन स्पेन की सरकारी रेल कंपनी रेनफे (Renfe) की थी, जबकि दूसरी निजी कंपनी इर्यो (Iryo) की थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इर्यो की ट्रेन पटरी पर रुकी हुई थी। इसी दौरान पीछे से आ रही रेनफे की AVE ट्रेन उससे टकरा गई।

टक्कर के बाद कई डिब्बे क्षतिग्रस्त हो गए। कुछ डिब्बों के पटरी से उतरने के कारण बचाव दल को यात्रियों तक पहुंचने में परेशानी हुई।

68 लोगों की मौत, कई घायलों की हालत गंभीर

स्थानीय प्रशासन ने हादसे में कम से कम 68 लोगों की मौत की पुष्टि की है। स्पेनिश अखबार एल पाइस की रिपोर्ट के अनुसार, मृतकों में 44 लोग इर्यो ट्रेन और 24 लोग रेनफे ट्रेन में सवार थे। घायलों की संख्या को लेकर अलग-अलग समय पर अलग आंकड़े सामने आए हैं। 28 अक्टूबर की रात तक की रिपोर्ट में 53 लोगों के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी दी गई थी। कई घायलों की हालत गंभीर बताई गई।

हादसे के बाद दमकलकर्मी, पुलिस और मेडिकल टीमें मौके पर पहुंचीं। बचाव दल ने क्षतिग्रस्त डिब्बों में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का काम शुरू किया। 

मैड्रिड से अंदालूसिया तक रेल सेवाएं प्रभावित

दुर्घटना के बाद मैड्रिड, सियुदाद रियल और अंदालूसिया के बीच हाई-स्पीड रेल सेवाएं बंद कर दी गईं। इसका असर बड़ी संख्या में यात्रियों पर पड़ा। रेलवे स्टेशनों पर कई यात्रियों को अपनी यात्रा के बारे में जानकारी लेने के लिए इंतजार करना पड़ा। कुछ लोगों की ट्रेनें रद्द हुईं, जबकि कई यात्रियों को दूसरी व्यवस्था तलाशनी पड़ी।

रेल कंपनी रेनफे ने प्रभावित यात्रियों के लिए टिकट बदलने और रद्द कराने की सुविधा देने की जानकारी दी है। कंपनी ने पीड़ितों और उनके परिवारों की मदद के लिए हेल्पलाइन भी शुरू की है। 

स्पेन में दो हाई-स्पीड ट्रेनों की भीषण टक्कर, 68 लोगों की मौत; कई डिब्बे पटरी से उतरे, रेल सेवाएं बंद

स्पेन के प्रधानमंत्री ने जताया दुख, तीन दिन का राष्ट्रीय शोक

स्पेन के प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज ने दुर्घटना पर दुख जताया है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और देश में तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की।

स्थानीय प्रशासन ने आसपास के इलाकों में घायलों के इलाज की व्यवस्था की। उर्दा में मेडिकल टीमों के लिए अस्थायी केंद्र तैयार किए गए। अधिकारियों ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता लोगों की जान बचाना और घायल यात्रियों को जल्द अस्पताल पहुंचाना है। 

ट्रेन हादसे की वजह क्या थी?

इस हादसे की असली वजह अभी पूरी तरह साफ नहीं हुई है। शुरुआती जांच में रेल सुरक्षा प्रणाली LZB में आई तकनीकी खराबी की बात सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, सुरक्षा प्रणाली में खराबी आने के बाद कई ट्रेनें रुक गई थीं। इसके बाद रेल संचालन मैनुअल नियंत्रण के जरिए शुरू कराया गया। अधिकारियों की जांच में यह देखा जा रहा है कि दोबारा ट्रेन चलाने के दौरान कहां चूक हुई।

जांच अधिकारी सिग्नल सिस्टम, कंट्रोल रूम से दिए गए निर्देशों और ट्रेनों के संचालन से जुड़ी जानकारी की पड़ताल कर रहे हैं। हालांकि, किसी एक कारण को अभी अंतिम रूप से जिम्मेदार नहीं ठहराया गया है। 

जनवरी में भी हुआ था ऐसा हादसा, गई थीं 46 जानें

स्पेन में करीब नौ महीने पहले भी बड़ा रेल हादसा हुआ था। 18 जनवरी 2026 को कॉर्डोबा प्रांत के अदामुज के पास इर्यो और रेनफे की ट्रेनें दुर्घटनाग्रस्त हुई थीं। उस समय मालागा से मैड्रिड जा रही इर्यो ट्रेन के कुछ डिब्बे पटरी से उतरकर दूसरी पटरी पर पहुंच गए थे। उसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही रेनफे की ट्रेन उनसे टकरा गई थी। इस हादसे में 46 लोगों की मौत हुई थी।

एक ही साल में दूसरी बड़ी रेल दुर्घटना के बाद स्पेन की हाई-स्पीड रेल व्यवस्था की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं।  फिलहाल दुर्घटना की जांच जारी है। रेल अधिकारियों के सामने हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ प्रभावित मार्ग पर सुरक्षित तरीके से सेवाएं दोबारा शुरू करने की चुनौती है।

Leave a comment