सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए सरकार राष्ट्रीय स्तर पर मुफ्त HPV टीकाकरण अभियान शुरू कर रही है। इस कार्यक्रम में Gardasil वैक्सीन दी जाएगी, जो HPV के प्रमुख प्रकारों से सुरक्षा देती है। यह टीका सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध होगा और पूरी तरह स्वैच्छिक रहेगा।
HPV Vaccination Program India: भारत सरकार देशभर में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए मुफ्त HPV टीकाकरण अभियान शुरू कर रही है, जिसके तहत सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर किशोरियों को Gardasil वैक्सीन दी जाएगी। हर साल हजारों महिलाओं की जान लेने वाली इस बीमारी को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है, क्योंकि HPV संक्रमण, खासकर टाइप 16 और 18, इसका प्रमुख कारण माना जाता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, समय पर टीकाकरण और नियमित जांच से इस कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
Cervical Cancer से बचाव की बड़ी रणनीति
भारत में सर्वाइकल कैंसर के हर साल लगभग 80 हजार नए मामले सामने आते हैं और 42 हजार से अधिक महिलाओं की मौत हो जाती है। डॉक्टरों के अनुसार, यह बीमारी मुख्य रूप से ह्यूमन पैपिलोमा वायरस यानी HPV के संक्रमण से होती है, खासकर टाइप 16 और 18 से।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि समय पर HPV टीकाकरण और नियमित जांच से इस कैंसर को काफी हद तक रोका जा सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार राष्ट्रीय स्तर पर यह व्यापक टीकाकरण अभियान शुरू कर रही है।

कौन सा टीका लगेगा और कहां मिलेगा?
इस कार्यक्रम में Gardasil नामक क्वाड्रिवैलेंट HPV वैक्सीन का उपयोग किया जाएगा, जो वायरस के चार प्रकार 16, 18, 6 और 11 से सुरक्षा देती है। यह नॉन-लाइव वैक्सीन है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुरक्षित मानी जाती है।
टीकाकरण सरकारी अस्पतालों, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेजों में किया जाएगा। प्रत्येक केंद्र पर प्रशिक्षित डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ मौजूद रहेंगे और टीकाकरण के बाद निगरानी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
स्वैच्छिक और पूरी तरह मुफ्त होगा अभियान
यह HPV Vaccination Program पूरी तरह स्वैच्छिक होगा और किसी भी अभिभावक पर दबाव नहीं डाला जाएगा। सरकार ने माता-पिता से अपील की है कि वे अपनी बेटियों को इस सुरक्षा कवच से वंचित न रखें।
दुनिया के करीब 160 देश अपने राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम में HPV वैक्सीन शामिल कर चुके हैं। World Health Organization भी सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन की वैश्विक रणनीति में HPV टीकाकरण को अहम मानता है। कई देशों में इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।













