लगातार जारी गिरावट और बिकवाली के दबाव के बीच बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में हल्की रिकवरी देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी मामूली बढ़त के साथ लगभग सपाट स्तर पर खुले, लेकिन बाद में आईटी, पीएसयू बैंक और ऑयल एंड गैस शेयरों में खरीदारी से बाजार को सहारा मिला।
Stock Market: पिछले कारोबारी सत्र में भारी गिरावट के बाद बुधवार को भारतीय शेयर बाजार ने हल्की मजबूती के साथ कारोबार की शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 172 अंक से ज्यादा चढ़कर 72,700 के स्तर के ऊपर पहुंच गया, जबकि निफ्टी भी मामूली बढ़त के साथ 22,720 के आसपास बना रहा। बाजार को सबसे ज्यादा सहारा आईटी, सरकारी बैंक और ऑयल एंड गैस शेयरों में हुई खरीदारी से मिला।
शुरुआती कारोबार में मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी खरीदारी देखने को मिली। दोनों इंडेक्स में करीब 1 फीसदी तक की बढ़त दर्ज की गई। हालांकि, बाजार की कुल दिशा अभी भी वैश्विक संकेतों, विदेशी निवेशकों की गतिविधियों और हालिया बिकवाली के बीच बनी हुई है।
सेंसेक्स और निफ्टी ने कैसे की शुरुआत?
बुधवार सुबह करीब 9:25 बजे, बीएसई सेंसेक्स 172.39 अंक यानी 0.24 फीसदी की बढ़त के साथ 72,701.46 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह एनएसई निफ्टी 7.70 अंक यानी मामूली तेजी के साथ करीब 22,723.90 पर पहुंच गया। बाजार में खरीदारी का असर कई प्रमुख कंपनियों के शेयरों पर दिखाई दिया।
टेक महिंद्रा, टीसीएस और इंडिगो जैसे शेयरों में मजबूती ने शुरुआती कारोबार में प्रमुख सूचकांकों को संभालने में मदद की। हालांकि निफ्टी की तेजी सीमित रही और बाजार में चुनिंदा शेयरों में ही खरीदारी का रुझान ज्यादा मजबूत दिखाई दिया।
IT और PSU बैंक सेक्टर में जोरदार खरीदारी

सेक्टरल प्रदर्शन की बात करें तो निफ्टी IT और निफ्टी PSU बैंक शुरुआती कारोबार में सबसे मजबूत सेक्टरों में रहे। निफ्टी IT इंडेक्स करीब 1.28 फीसदी चढ़कर 28,023.45 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं सरकारी बैंकों के शेयरों में खरीदारी के चलते निफ्टी PSU बैंक इंडेक्स 1.29 फीसदी बढ़कर 8,075.70 पर कारोबार करता दिखा।
इसके अलावा रियल्टी इंडेक्स में 0.93 फीसदी, एनर्जी में 0.87 फीसदी, PSE में 0.71 फीसदी और इंफ्रा इंडेक्स में करीब 0.46 फीसदी की तेजी दर्ज की गई।हालांकि बाजार में ज्यादातर सेक्टर हरे निशान में रहे, लेकिन फार्मा शेयरों पर दबाव बना रहा। निफ्टी फार्मा इंडेक्स करीब 0.17 फीसदी की गिरावट के साथ कारोबार करता नजर आया।
इन शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी
निफ्टी 50 में शुरुआती कारोबार के दौरान टेक महिंद्रा सबसे ज्यादा बढ़ने वाले शेयरों में रहा। कंपनी का शेयर करीब 2.55 फीसदी चढ़कर ₹1,549 पर पहुंच गया। इसके अलावा TCS में 2.41 फीसदी, HCL Tech में 1.96 फीसदी, IndiGo में 1.46 फीसदी, Trent में 1.17 फीसदी और ICICI Bank में 1.10 फीसदी की तेजी दर्ज हुई।
इसके साथ ही Reliance Industries, Jio Finance और UltraTech Cement के शेयर भी शुरुआती कारोबार में बढ़त के साथ नजर आए। IT शेयरों में खरीदारी बाजार के लिए खास तौर पर महत्वपूर्ण रही, क्योंकि इस सेक्टर ने हालिया कमजोरी के बाद इंडेक्स को सहारा दिया।
इन शेयरों पर रहा बिकवाली का दबाव
दूसरी ओर, कुछ प्रमुख शेयरों में तेज गिरावट देखने को मिली। Max Healthcare करीब 4.73 फीसदी टूटकर शुरुआती कारोबार के प्रमुख लूजर्स में शामिल रहा। वहीं Apollo Hospitals में 3.98 फीसदी और Dr. Reddy's Laboratories में 2.12 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई। इसके अलावा Adani Ports करीब 2.04 फीसदी, HDFC Life 1.71 फीसदी और SBI Life 1.68 फीसदी नीचे कारोबार करते दिखे। HDFC Bank और Sun Pharma के शेयरों में भी 1 फीसदी से अधिक की कमजोरी रही।












