चेन्नई पुलिस ने डीएमके नेता और तमिलनाडु के पूर्व मंत्री उदयनिधि स्टालिन को हिरासत में लिया है। पुलिस उन्हें उनके आवास से लेकर गई। इससे पहले उदयनिधि स्टालिन के घर के बाहर प्रदर्शन करने और सुरक्षा व्यवस्था तोड़ने की कोशिश कर रहे कुछ डीएमके कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया गया था।
चेन्नई: तमिलनाडु की राजनीति में अभिनेत्री तृषा कृष्णन को लेकर दिए गए कथित आपत्तिजनक बयान का मामला अब तूल पकड़ चुका है। चेन्नई पुलिस ने डीएमके नेता और तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन को हिरासत में लिया है। पुलिस ने उन्हें चेन्नई स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया। यह कार्रवाई एक रैली के दौरान अभिनेत्री तृषा और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय को लेकर की गई कथित विवादित टिप्पणी के मामले में हुई है।
उदयनिधि स्टालिन की हिरासत के बाद तमिलनाडु में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। उनके समर्थकों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया, जबकि विपक्षी दलों ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने दर्ज की FIR
चेन्नई पुलिस के अतिरिक्त आयुक्त नरेंद्रन नायर ने पुष्टि की है कि उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है। यह मामला मुख्यमंत्री विजय के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी और अभिनेत्री तृषा को लेकर दिए गए बयान से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। हिरासत के दौरान पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को भी बढ़ाया था, क्योंकि डीएमके कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन की आशंका जताई गई थी।
घर के बाहर बढ़ाई गई थी सुरक्षा
उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन की घोषणा के बाद चेन्नई स्थित उनके आवास के बाहर भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ डीएमके समर्थकों ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को पार करने की कोशिश की, जिसके बाद कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। इसके बाद पुलिस ने उदयनिधि स्टालिन को भी पूछताछ के लिए अपने साथ ले लिया।
जिस रास्ते से पुलिस उन्हें लेकर गई, वहां डीएमके समर्थकों ने प्रदर्शन किया और पुलिस कार्रवाई के खिलाफ नारे लगाए। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाया।
![]()
क्या है पूरा मामला?
यह विवाद तंजावुर में कावेरी जल विवाद को लेकर आयोजित एक विरोध सभा के दौरान शुरू हुआ। इस कार्यक्रम में उदयनिधि स्टालिन केंद्र और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय पर निशाना साध रहे थे। भाषण के दौरान भीड़ में कुछ लोगों ने अभिनेत्री तृषा का नाम लेना शुरू कर दिया। आरोप है कि इसके जवाब में उदयनिधि स्टालिन ने ऐसी टिप्पणी की, जिसे कई लोगों ने डबल मीनिंग और अपमानजनक बताया।
हालांकि, उदयनिधि ने बाद में दावा किया कि उनकी टिप्पणी कावेरी नदी के पानी के संदर्भ में थी। लेकिन उनके बयान का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया और राजनीतिक मंचों पर विवाद बढ़ गया।
TVK और BJP ने की कार्रवाई की मांग
अभिनेता से नेता बने जोसेफ विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कजगम (TVK) ने इस मामले में उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। TVK ने राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि यह टिप्पणी महिलाओं के सम्मान के खिलाफ है। पार्टी ने मांग की कि मामले में कार्रवाई की जाए और उदयनिधि स्टालिन को जवाबदेह ठहराया जाए।
वहीं, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने भी इस बयान की आलोचना की है। भाजपा नेताओं ने इसे सार्वजनिक जीवन में जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति के लिए अनुचित बताते हुए गिरफ्तारी की मांग की।









