बसंत पंचमी के मौके पर मौसम ने करवट बदल ली है और पहाड़ों पर देर से ही सही बर्फबारी शुरू हो गई है। इसके कारण सैलानियों और टूरिज्म सेक्टर से जुड़े लोगों में उत्साह देखा जा रहा है।
नई दिल्ली: बसंत पंचमी के अवसर पर मौसम ने अचानक करवट लेते हुए उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में लंबे इंतजार के बाद जोरदार बर्फबारी करा दी है। कश्मीर से लेकर हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड तक पहाड़ सफेद चादर में ढक गए हैं। खास बात यह है कि यह बर्फबारी गणतंत्र दिवस के लंबे वीकेंड से ठीक पहले हुई है, जिससे पर्यटन उद्योग में नई उम्मीदें जगी हैं और सैलानियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
पूरे सर्दी मौसम के दौरान कमजोर पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कारण पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी बेहद कम रही थी, लेकिन अब जनवरी के अंतिम सप्ताह में हुई इस ताजा बर्फबारी ने न केवल मौसम का मिजाज बदला है, बल्कि मैदानों में भी ठंड और ठिठुरन बढ़ा दी है।
कश्मीर से हिमाचल तक 10 से 15 इंच तक बर्फ
मौसम विभाग के अनुसार, कश्मीर घाटी में बीते गुरुवार से लगातार भारी हिमपात हो रहा है। श्रीनगर में करीब 8 इंच तक बर्फ जमी है, जबकि गुलमर्ग, सोनमर्ग और पहलगाम जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों पर बर्फ की मोटी परत बिछ गई है। तापमान शून्य से नीचे चला गया है, जिससे ठंड और तेज हो गई है। वहीं हिमाचल प्रदेश के शिमला, मनाली, कुल्लू और कुफरी क्षेत्रों में 10 से 15 इंच तक बर्फबारी दर्ज की गई है। यह हिमाचल प्रदेश में लगभग तीन महीने बाद आया ऐसा मौसम परिवर्तन है, जिससे लंबा ड्राई स्पेल टूट गया है।
हिमाचल प्रदेश के मनाली के पास स्थित कोठी गांव में करीब 15 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई, जो इस सिस्टम के दौरान राज्य में सबसे अधिक मानी जा रही है। शिमला में भी शुक्रवार को इस सीजन की पहली बर्फबारी हुई, जिसे देखने के लिए पर्यटक बड़ी संख्या में सड़कों और होटलों की बालकनियों में नजर आए।उत्तराखंड में भी बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, औली, मसूरी, चकराता, धनोल्टी और उत्तरकाशी सहित कई इलाके बर्फ से ढक गए हैं। कई जगहों पर यह इस सीजन की पहली बर्फबारी रही।

पर्यटन उद्योग को मिली राहत
लंबे समय से बर्फबारी का इंतजार कर रहे पर्यटन कारोबारियों के लिए यह मौसम किसी संजीवनी से कम नहीं है। नए साल के बाद से कई पर्यटक बर्फ न मिलने के कारण निराश लौट रहे थे। अब गणतंत्र दिवस के लंबे वीकेंड को देखते हुए होटल बुकिंग, टैक्सी सेवाओं और एडवेंचर टूरिज्म में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 24 से 48 घंटों में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख और उत्तराखंड में बर्फबारी की तीव्रता में धीरे-धीरे कमी आ सकती है। हालांकि 24 और 25 जनवरी को कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी जारी रहने की संभावना है। ताजा हिमपात के मद्देनजर जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने 6 जिलों में लैंडस्लाइड और हिमस्खलन को लेकर चेतावनी जारी की है।
गांदरबल जिले में 2,300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में खतरा अधिक बताया गया है। इसके अलावा रामबन, डोडा, किश्तवाड़, पुंछ और कुपवाड़ा जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में भी अलर्ट जारी किया गया है। लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।












