मीरजापुर के अदलहाट क्षेत्र में पुलिस और पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ में दो आरोपी घायल हो गए। पुलिस ने मौके से हथियार, कारतूस, पिकअप वाहन और छह गोवंशीय पशु बरामद किए हैं।
Mirzapur: अदलहाट क्षेत्र में शुक्रवार तड़के पुलिस और पशु तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। Hajipur Canal Culvert के पास घेराबंदी के दौरान तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ लिया गया। पुलिस ने मौके से अवैध हथियार, कारतूस, पिकअप वाहन और कई गोवंशीय पशु भी बरामद किए हैं।
मीरजापुर में पुलिस-मुठभेड़: गोवंश तस्करी के आरोपित घायल, छह पशु बरामद
जागरण संवाददाता, मीरजापुर। जिले के अदलहाट थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के पुलिस और गोवंशीय पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। हाजीपुर नहर पुलिया के पास हुई इस कार्रवाई में दो आरोपितों के पैर में गोली लगने से वे घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जमालपुर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने मौके से दो तमंचे, चार कारतूस, एक पिकअप वाहन और छह गोवंशीय पशु बरामद किए हैं। अधिकारियों के अनुसार, तस्कर पशुओं को अवैध रूप से बिहार ले जाने की तैयारी में थे।
घेराबंदी के दौरान फायरिंग
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजक कौशिक ने बताया कि अदलहाट थाना प्रभारी अजय कुमार सेठ अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि एक पिकअप में पशुओं को लादकर अहरौरा के बेचूबीर जंगल मार्ग से बिहार के चैनपुरा ले जाया जा रहा है।
सूचना पर पुलिस ने हाजीपुर नहर पुलिया के पास घेराबंदी की। जैसे ही संदिग्ध पिकअप को रोकने का प्रयास किया गया, उसमें सवार आरोपितों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में आरोपित घायल
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपितों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया। घायलों की पहचान अदलहाट थाना क्षेत्र के विसौरा खुर्द गांव निवासी भोला और अहरौरा क्षेत्र के रामपुर ढबही निवासी बाबू सोनकर के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।












