AI अब हेल्थ रिपोर्ट समझकर देगा सटीक जवाब, Anthropic ने लॉन्च किया Claude for Healthcare

AI अब हेल्थ रिपोर्ट समझकर देगा सटीक जवाब, Anthropic ने लॉन्च किया Claude for Healthcare

Anthropic ने Claude for Healthcare लॉन्च किया है, जो HealthEx के 50,000 से ज्यादा हेल्थ सिस्टम की मेडिकल रिपोर्ट्स के डेटा से जुड़कर मरीजों को सटीक और पर्सनलाइज्ड हेल्थ जानकारी देगा। यह AI अस्पताल, बीमा कंपनियों और फार्मा रिसर्च में भी काम आएगा, जिससे इलाज, क्लेम और क्लिनिकल ट्रायल तेजी से और भरोसेमंद तरीके से पूरे होंगे।

Claude for Healthcare: Anthropic ने हाल ही में अमेरिका में HealthEx के साथ साझेदारी में Claude for Healthcare लॉन्च किया है, जो मरीजों की मेडिकल रिपोर्ट और हेल्थ डेटाबेस से जुड़कर सटीक जानकारी प्रदान करेगा। यह AI सिस्टम मरीजों को उनकी हेल्थ हिस्ट्री समझने, डॉक्टर से पूछने वाले सवाल तय करने और रिपोर्ट के नंबर समझने में मदद करता है। अस्पताल, बीमा कंपनियों और फार्मा रिसर्च के लिए भी यह डिजिटल असिस्टेंट का काम करेगा, जिससे क्लेम मंजूरी, इलाज का तालमेल और क्लिनिकल ट्रायल तेज होंगे।

HealthEx से जुड़कर AI बना आपकी हेल्थ का स्मार्ट असिस्टेंट

HealthEx प्लेटफॉर्म 50,000 से ज्यादा हेल्थ सिस्टम की मेडिकल रिपोर्ट्स को एक जगह इकट्ठा करता है। अब Claude for Healthcare इस डेटा से जुड़कर मरीज को सटीक और पर्सनलाइज्ड जानकारी देगा। यूजर अपनी मर्जी से डेटा साझा करता है और जरूरत पड़ने पर एक्सेस हटाया जा सकता है। Anthropic ने स्पष्ट किया है कि यह डेटा AI ट्रेनिंग में इस्तेमाल नहीं होगा, जिससे प्राइवेसी पूरी तरह सुरक्षित रहेगी।

Claude Model Context Protocol (MCP) का इस्तेमाल करता है, जिससे केवल जरूरी जानकारी ही निकाली जाती है। अगर किसी सवाल के लिए ज्यादा डेटा चाहिए, तो AI सीधे यूजर से पूछकर जवाब देता है। इससे मरीजों को डॉक्टर के बिना भी अपनी रिपोर्ट समझने में मदद मिलेगी।

अस्पताल, बीमा और फार्मा सेक्टर के लिए गेम चेंजर

Claude अब सिर्फ मरीजों तक सीमित नहीं है। यह अस्पतालों और बीमा कंपनियों के कामकाज को भी तेज करेगा। इसमें Medicare डेटाबेस, ICD-10, PubMed और अन्य मेडिकल सिस्टम से कनेक्शन शामिल हैं। इससे क्लेम मंजूरी, इलाज का तालमेल और मरीजों के सवालों का जवाब देने में समय और मेहनत दोनों बचेंगे।

फार्मा और रिसर्च कंपनियों के लिए Claude क्लिनिकल ट्रायल और दवा की मंजूरी में भी उपयोगी साबित होगा। Medidata, ClinicalTrials.gov और ChEMBL जैसे डेटाबेस से जुड़े AI मॉडल से नए ट्रायल प्रोटोकॉल तैयार करने का समय घट जाएगा। Anthropic का दावा है कि एक ट्रायल प्रोटोकॉल अब घंटों में बन सकता है, जबकि पहले इसमें कई दिन लगते थे।

Leave a comment