अहमदाबाद में एयर इंडिया फ्लाइट AI-171 हादसे की जांच को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने सुप्रीम कोर्ट को बताया है कि 12 जून, 2025 को हुए इस विमान हादसे की जांच अक्टूबर 2026 तक पूरी कर ली जाएगी।
Ahmedabad Air India Plane Crash: अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया फ्लाइट AI-171 हादसे की जांच को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने सुप्रीम कोर्ट को जानकारी दी है कि इस विमान दुर्घटना की जांच अक्टूबर 2026 तक पूरी होने की संभावना है। AAIB के इस बयान के बाद सुप्रीम कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 12 अक्टूबर को तय की है।
यह हादसा 12 जून 2025 को हुआ था, जब एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस भीषण हादसे में 260 लोगों की मौत हुई थी, जिसके बाद दुर्घटना की निष्पक्ष और विस्तृत जांच की मांग उठी थी।
AAIB ने सुप्रीम कोर्ट को बताया- अंतरराष्ट्रीय मानकों के तहत हो रही जांच
सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान AAIB ने स्पष्ट किया कि यह जांच केवल भारत के नागरिक उड्डयन अधिकारियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे अंतरराष्ट्रीय विमानन नियमों के अनुसार आगे बढ़ाया जा रहा है। AAIB की ओर से अदालत को बताया गया कि जांच में उन देशों के विशेषज्ञ और अधिकृत प्रतिनिधि भी शामिल हैं, जिनके नागरिक इस हादसे में प्रभावित हुए थे।
यह प्रक्रिया अंतरराष्ट्रीय विमान दुर्घटना जांच प्रोटोकॉल के तहत की जा रही है। AAIB ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद अंतिम रिपोर्ट तैयार की जाएगी और इसे अदालत के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
सुप्रीम कोर्ट में दायर हुई थी याचिका
यह मामला सुप्रीम कोर्ट में मृत पायलट कैप्टन सुमित सभरवाल के पिता और फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट्स की ओर से दायर याचिका के बाद पहुंचा था।
याचिकाकर्ताओं ने हादसे की जांच की निगरानी अदालत द्वारा किए जाने की मांग की थी। सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण ने जांच की गति और प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच में देरी हो रही है और यह केवल कुछ सरकारी अधिकारियों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए।

AAIB ने आरोपों को बताया गलत
AAIB की ओर से सुप्रीम कोर्ट में पेश हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने इन आरोपों को खारिज किया। उन्होंने अदालत को बताया कि जांच एयरक्राफ्ट (दुर्घटनाओं और घटनाओं की जांच) नियमों और भारत द्वारा स्वीकार किए गए अंतरराष्ट्रीय समझौतों के अनुसार की जा रही है। तुषार मेहता ने कहा कि दुर्घटना जांच में अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों और संबंधित देशों के प्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
उन्होंने अदालत को भरोसा दिलाया कि जांच प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ चल रही है। उन्होंने यह भी बताया कि अंतिम रिपोर्ट अक्टूबर तक तैयार कर सुप्रीम कोर्ट के सामने सीलबंद लिफाफे में पेश की जा सकती है।
क्या था अहमदाबाद एयर इंडिया विमान हादसा?
12 जून 2025 को एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 ने अहमदाबाद एयरपोर्ट से लंदन के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर एयरपोर्ट के पास स्थित एक मेडिकल कॉलेज परिसर में जा गिरा था। इस हादसे में विमान में मौजूद 242 यात्रियों और क्रू सदस्यों में से 241 की मौत हो गई थी। इसके अलावा मेडिकल कॉलेज हॉस्टल परिसर में मौजूद 19 लोगों की भी जान चली गई थी।
यह दुर्घटना भारत के सबसे गंभीर विमान हादसों में से एक मानी गई, जिसके बाद विमान की तकनीकी स्थिति, संचालन प्रक्रिया और सुरक्षा मानकों को लेकर कई सवाल उठे।










